केंद्र सरकार के मंत्री बताएंगे भाजपा सांसदों को विमुद्रीकरण के फायदे
नोटबंदी पर मचे भारी गतिरोध के बीच भाजपा के 40 सांसदों की बैठक केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार के घर पर बुलाई गई है।
नई दिल्ली। नोटबंदी पर मचे भारी गतिरोध के बीच भाजपा के 40 सांसदों की बैठक केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार के घर पर बुलाई गई है।

शाम को सात बजे यह बैठक होगी। बताया जा रहा है कि केंद्र सरकार के पांच वरिष्ठ नेता इन सभी भाजपा सांसदों को विमुद्रीकरण के फैसले को लेकर जानकारियां देंगे और इस बातों को अपने संसदीय क्षेत्रों में प्रमुखता से प्रचारित करने के लिए भी कहा जाएगा।
केंद्र सरकार के महत्वपूर्ण मंत्री मनोहर पर्रिकर, राजनाथ सिंह, सुरेश प्रभु, वैंकेया नायडू, अरुण जेटली और जेपी नड्डा इस बारे में भाजपा सांसदों से बात करेंगे।
भाजपा सरकार के मंत्री 40 सांसदों के पहले बैच से आज मिलेंगे और उन्हें विमुद्रीकरण के बारें में बात करेंगे। इसके बाद अन्य सांसदों को भी अलग-अलग बैच में बुलाकर उनसे बात की जाएगी।
मनमोहन सिंह ने किए पीएम मोदी पर वार
आपको बताते चलें कि आज राज्यसभा में नोटबंदी पर चर्चा के दौरान पीएम मोदी भी मौजूद रहे। उनकी मौजूदगी में पूर्व प्रधानमंत्री और राज्यसभा सांसद मनमोहन सिंह ने कहा बिना मैनेजमेंट के नोटबंदी के फैसले को पूरे देश में लागू कर दिया है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के फैसले को लागू करने के बाद पूरे देश की जीडीपी में 2 फीसदी की गिरावट हुई है।
मनमोहन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि वो 50 दिन का समय लोगों से मांग रहे हैं। पर ये 50 दिन देश के गरीबों के लिए बहुत हानिकारक हो सकते हैं।
किस देश में लोग अपना पैसा निकालने के लिए लग रहे लाइन
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरी दुनिया में उस देश का नाम बताएं, जहां लोग अपना पैसा तो जमा बैंकों में जमा कर देते हैं पर उस पैसे को ही नहीं निकाल पा रहे।
मनमोहन सिंह ने कहा कि बैंकिग सिस्टम में लोगों का विश्वास कमजोर हुआ है। विमुद्रीकरण के फैसले को लागू करने के बाद 60-65 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। मनमोहन सिंह ने कहा कि नोटबंदी से लोगों को बेहद परेशानी, इसपर ध्यान देने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि इस देश में ग्रामीण इलाकों में सबसे ज्यादा कोऑपरेटिव बैंक है जो लोगों की मदद करते हैं। पर विमुद्रीकरण के बाद ये बैंक काम ही नहीं कर रहे हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने उन लोगों पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग कह रहे हैं कि लंबे समय में इसका फायदा होगा। उन्होंने कहा कि कोट करते हुए कहा कि लंबे समय में हम सब मर चुके होंगे।












Click it and Unblock the Notifications