Lok Sabha Election 2024: बीजेपी में सनी देओल समेत इन सेलिब्रिटीज का कट सकता है टिकट
BJP Ticket for Lok Sabha Election 2024: बीजेपी महीनों से अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों की तैयारियों में जुटी है। प्रत्येक लोकसभा चुनाव क्षेत्रों से मौजूदा सांसदों का फीडबैक जुटाया जा रहा है। ऐसे में संभावना है कि पार्टी इस बार कई दिग्गजों और बॉलीवु़ड से जुड़ी चर्चित सेलिब्रिटीज का टिकट काट भी सकती है।
हाल ही में एक रिपोर्ट आई है कि बीजेपी अपने मौजूदा सांसदों का वोटरों से फीडबैक लेने के लिए 'नमो ऐप' का इस्तेमाल कर रही है। वह क्षेत्र के लोगों से सांसदों के कामकाज और उनकी छवि की जानकारी तो जुटा ही रही है, वोटरों से उनके पसंद के तीन अन्य नामों के सुझाव भी मांगे जा रहे हैं।

सनी देओल चुनाव नहीं लड़ने की जता चुके हैं इच्छा
अगर अभिनेता से नेता बने भाजपा सांसदों की बात करें तो पहला नाम पंजाब के गुरदासपुर से पार्टी सांसद सनी देओल का इस लिस्ट में हो सकता है, जिनके टिकट कटने के चांस सबसे ज्यादा लग रहे हैं। इन अटकलों को कुछ समय पहले खुद सनी देओल ने ही एक टीवी शो में हवा दी थी।

जब उनसे उनकी संसद में बहुत कम उपस्थिति को लेकर सवाल पूछा गया था तो उन्होंने यहां तक कह दिया था कि वह राजनीति के पेश के लिए फिट नहीं हैं।
यही नहीं उन्होंने खुद ही 2024 के लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने की इच्छा भी जता दी थी। हालांकि, वह यह भी कहते रहे हैं कि सांसद के तौर पर क्षेत्र के लिए अपनी जिम्मेदारियां बखूबी निभाते रहे हैं।
हेमा मालिनी भी 75 की उम्र के चक्कर में फंस सकती हैं
भाजपा उम्मीदवारों की लिस्ट से जिन मौजूदा सेलिब्रिटी सांसद का नाम गायब रहने की संभावना है, उनमें मथुरा से लगातार दो बार की सांसद हेमा मालिनी का भी नाम है।

इसकी सबसे बड़ी वजह ये है कि वह 75 की उम्र सीमा को पार कर चुकी हैं, जो अघोषित तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से ऐसे पदों पर रहने के लिए निर्धारित की गई है।
मथुरा से कंगना रनौत के चुनाव लड़ने की हो रही है चर्चा
सियासी गलियारों में चर्चा है कि अगर इस बार मथुरा से हेमा का पत्ता कटा तो एक और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत बीजेपी उम्मीदवार हो सकती हैं। इन अटकलों को कुछ समय पहले खुद कंगना भी हवा दे चुकी हैं कि अगर श्रीकृष्ण का आशीर्वाद रहा तो वह जरूर चुनाव लड़ेंगी।

किरण खेर को भी टिकट मिलने पर संशय
इसी तरह से बॉलीवुड अभिनेत्री किरण खेर भी अगली बार चंडीगढ़ लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार होंगी या नहीं इसको लेकर संशय बरकरार है। वह दो बार से वहां की सांसद हैं। लेकिन, पिछले कुछ समय में उनके साथ कुछ विवाद भी जुड़ गया है।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक अगर किरण खेर की जगह किसी दूसरे को टिकट दिया गया तो वह भी कोई दमदार चेहरा ही होगा। जहां तक खेर की बात है तो वह खुद कह चुकी हैं कि पार्टी जो भी फैसला करेगी उन्हें वह स्वीकार होगा।
किरण खेर को बदलने की संभावना इसलिए भी बताई जा रही है कि चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दोनों ने ही जमीनी स्तर पर जनाधार बढ़ाने की पूरी कोशिश की है।
ऐसे में बीजेपी नया चेहरा पेश करके इस चुनौती से निपटने का प्रयास कर सकती है। क्योंकि, पार्टी किसी भी सूरत में चंडीगढ़ से पकड़ ढीली नहीं होने देना चाहेगी, जिसे अब वह अपना गढ़ बना चुकी है।
वरुण गांधी का टिकट कटने की भी संभावना
टिकट कटने वाली लिस्ट में भाजपा के धुरंधर सांसदों में यूपी की पीलीभीत सीट से एमपी वरुण गांधी का भी नाम शामिल हो सकता है। पिछले पांच वर्षों में उन्होंने कई बार ऐसी लाइन ली है, जो पार्टी के आधिकारिक लाइन से पूरी तरह अलग है।

इसकी वजह से भाजपा को कई बार असहज होना पड़ा है। ऐसे में वरुण गांधी को अगर फिर से बीजेपी का टिकट मिल गया तो यह बड़ी बात होगी।












Click it and Unblock the Notifications