2019 में जीती हुई 92 सीटें हार गई बीजेपी, 2024 के चुनाव में पार्टी को 32 नई कहां से मिली?
Lok Sabha Election 2024: 2019 लोकसभा चुनावों में जीती हुई 303 सीटों में से भाजपा इस बार 92 सीटें हार गई। इनके अलावा पार्टी ने तीन सीटें अपनी सहयोगियों जेडीयू, जेडीएस और आरएलडी को भी दे दी थी, जहां उन्हें जीत मिल चुकी है।
वहीं इस बार भाजपा को 32 नई सीटें मिली हैं, जिसकी वजह से उसका आंकड़ा 240 तक पहुंचा है। भाजपा इस बार जो 92 सीटें हारी है, उनमें से 29 सीटों का उसे यूपी में नुकसान हुआ है। इसके बाद सबसे ज्यादा 14 सीटें पार्टी महाराष्ट्र में हारी है। राजस्थान में उसे 10 सीटों का नुकसान हुआ है।

किस राज्य में कितनी सीटें हारी बीजेपी
इसी तरह से कर्नाटक में उसे 8 और पश्चिम बंगाल में 6 सीटों का नुकसान पहुंचा है। हरियाणा, बिहार में 5-5, झारखंड में 3, पंजाब में 2,असम, चंडीगढ़, दमन और दीव, गुजरात, लद्दाख, और मणिपुर में उसने एक-एक सीट गंवा दी है।
भाजपा की हारी हुई 42 सीटों पर कांग्रेस का कब्जा
भाजपा पिछली बार वाली जो 92 सीटें हारी हैं, उनमें से 18 अनुसूचित जातियों और 11 अनुसूचित जनजातियों के आरक्षित हैं। यूं तो भाजपा अधिकांश जीती हुई सीटें ग्रामीण क्षेत्रों में हारी है, लेकिन मुंबई नॉर्थ सेंट्रल, मुंबई नॉर्थ ईस्ट जैसी महानगर वाली सीटें भी हार गई है। भाजपा की 92 सीटों में सबसे ज्यादा 42 पर कांग्रेस को जीत मिली है।
लेकिन, इस बार के चुनाव में भातीय जनता पार्टी के खाते में जो 32 नई सीटें आई हैं, उनमें सबसे पहले नंबर पर ओडिशा है, जहां उसे 12 सीटों का फायदा मिला है। इसी तरह तेलंगाना में उसे 4 नई सीटें मिली हैं।

बीजेपी को इन राज्यों से मिली 32 नई सीटें
महाराष्ट्र में भी पार्टी ने 3 नई सीटें जीती है और आंध्र प्रदेश में भी 3 सीटों पर उसे जीतने का मौका मिला है। पश्चिम बंगाल में 3 और बिहार, दादरा और नगर हवेली, छत्तीसगढ़, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, कर्नाटक और केरल में भी उसे एक-एक नई सीटें सीटें जीतने का मौका मिला है।
बीजेपी को इस बार जो 32 नई सीटें मिली हैं, उनमें से 5 अनुसूचित जनजाति और और 2 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं।












Click it and Unblock the Notifications