येदियुरप्पा की मोदी लहर वाली टिप्पणी से भाजपा नेतृत्व परेशान, ये है चर्चा
नई दिल्ली. 20 सितंबर: कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता बीएस येदियुरप्पा की मोदी लहर वाली टिप्पणी ने पार्टी नेतृत्व की परेशानी बढ़ा दी है। उन्होंने कहा था कि अकेले मोदी लहर के भरोसे प्रदेश का चुनाव नहीं जीत पाएंगे। हालांकि, येदियुरप्पा ने विधानसभा की दो सीटों पर उपचुनाव को लेकर यह टिप्पणी की है, लेकिन उन्हें जिस तरह से राज्य में सीएम की कुर्सी छोड़नी पड़ी है, उससे उनके बयान के कई तरह के मतलब निकाले जा रहे हैं। जबकि, उन्होंने यह भी कहा है कि मोदी की अगुवाई में भाजपा अगला लोकसभा चुनाव फिर से जरूर जीतेगी। गौरतलब है कि दो महीने पहले ही येदियुरप्पा को हटाकर उनकी जगह बसवराज बोम्मई को सीएम बनाया गया है।

राज्यों में मोदी लहर के भरोसे ना रहें- येदियुरप्पा
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक येदियुरप्पा की टिप्पणी से भाजपा नेतृत्व परेशान है। रविवार को कर्नाटक के पूर्व सीएम ने बीजेपी कार्यकर्ताओं की वर्किंग कमिटी की एक बैठक को संबोधित करते हुए कहा था कि उन्हें 'इस भ्रम में नहीं रहना चाहिए कि सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम का इस्तेमाल करके चुनाव जीते जा सकते हैं।' उन्होंने यह भी कहा था कि वे सिर्फ इसी फैक्टर पर निर्भर नहीं रह सकते। उन्होंने कहा था कि, पार्टी कार्यकर्ताओं को अपने विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जाना चाहिए। पार्टी को पीड़ित वर्ग के कार्यकर्ताओं को भरोसे में लेना चाहिए और बूथ-स्तर पर टीम बनानी चाहिए।
मोदी की अगुवाई में लोकसभा चुनाव में जीत का किया था दावा
पूर्व सीएम ने कहा था कि प्रधानमंत्री के नाम पर लोकसभा का चुनाव जीतना तो आसान है, लेकिन असली परीक्षा दो विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उपचुनाव हैं। उन्होंन कहा था कि 'इस बात में कोई शक नहीं है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी प्रधानमंत्री मोदी की अगुवाई में जीतेगी। लेकिन, पार्टी को इतना मजबूत किया जाना चाहिए कि हर चुनावों में जीत सुनिश्चित हो।'
येदियुरप्पा की टिप्पणी से नेतृत्व परेशान- सूत्र
लेकिन, पार्टी सूत्रों का कहना है कि इन टिप्पणियों से पार्टी नेतृत्व परेशान है। सूत्र ने बताया कि इस विषय की जानकारी हाई कमान को दे दी गई है, वही कोई फैसला लेगा। इस बीच जब येदियुरप्पा के बेटे बीवाई विजयेंद्र से जब यह सवाल किया गया कि क्या पार्टी ने उनके पिता के प्रदेश दौरे की योजना पर ब्रेक लगा दी है तो उन्होंने कहा कि सभी ब्रेक मेरे पिता के हाथों में है। येदियुरप्पा जब भी चाहें वह ब्रेक लगा सकते हैं। पार्टी के लोगों का कहना है कि जबसे येदियुरप्पा को मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने के लिए कहा गया है, ये पहला मौका है, जब उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्री मोदी को लेकर इस तरह का बयान दिया है।
भाजपा को 140 सीटें दिलाने की बात भी कही थी
इससे पहले येदियुरप्पा ने कर्नाटक की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस को हल्के में न लेने की भी बात पार्टी कार्यकर्ताओं से कही थी। असल में वे ये कहना चाह रहे थे कि आने वाले उपचुनाव में
पार्टी को कड़ा संघर्ष करना होगा, क्योंकि इसमें हार से गलत संदेश जाएगा। उन्होंने दोनों सीटों पर जीत के लिए कड़ी मेहनत पर जोर दिया है। उन्होंने यह भी कहा है कि कांग्रेस के कुछ नेता भाजपा से संपर्क भी कर रहे हैं। उन्होंने 2023 के विधानसभा में राज्य में भाजपा को 140 सीटों पर जीत दिलाने के लिए ईमानदारी से कोशिश करने की भी बात कही थी।












Click it and Unblock the Notifications