केजरीवाल सरकार के खिलाफ लोकायुक्त के पास पहुंचे विजेंद्र गुप्ता
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ भाजपा के विधायक और विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने लोकायुक्त से शिकायत की है। उन्होंने केजरीवाल पर आरोप लगाया है कि वह सत्ता का दुरुपयोग कर रहे हैं। विजेंद्र गुप्ता ने आरोप लगाया है कि केजरीवाल बस में फ्री यात्रा के लिए महिलाओं को दिए जाने वाले पास के पीछे अपनी फोटो और मैसेज को छाप रहे हैं, जोकि सत्ता का दुरुपयोग है। इसस बाबत गुप्ता ने लोकायुक्त से शिकायत दर्ज कराई है।

इसके साथ ही गुप्ता ने एलजी अनिल बैजल को भी मेमोरेंडम दिया है, साथ ही उनसे अपील की है कि वह इस मामले में हस्तक्षेप करें और मुख्यमंत्री को ऐसा करने से रोके। वहीं विजेंद्र गुप्ता पर सवाल खड़ा करते हुए आम आदमी पार्टी के नेता ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के बैनर पर प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर छपी होती है, आखिर भाजपा इसके खिलाफ शिकायत क्यों नहीं करती है। गौरतलब है कि 29 अक्टूबर से दिल्ली में डीटीसी बसों में महिलाओं को फ्री टिकट की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।
विजेंद्र गुप्ता ने ट्वीट करके लिखा कि मुख्यमंत्री अरविेंद केजरीवाल व्यक्तिगत लाभ के लिये सरकारी दस्तावेज़,DTC की फ़्री यात्रा टिकट पर अपना फ़ोटो छाप कर सरकारी धन,पद और सत्ता का दुरूपयोग कर रहे है। LG और लोकायुक्त को शिकायत दर्ज कराई। कल 2.30 बजे लोकायुक्त कार्यालय विकास भवन ITO पर सुनवाई होगी।
बता दें कि अरविंद केजरीवाल ने महिलाओं के लिए ना सिर्फ डीटीसी बसों बल्कि दिल्ली मेट्रो में भी महिलाओं के लिए फ्री सेवा का ऐलान किया है। हालांकि अभी तक दिल्ली सरकार के इस फैसले को केंद्र सरकार और डीएमआरसी की ओर से हरी झंडी नहीं मिली है। केंद्र और डीएमआरसी की मंजूरी मिलने के बाद ही इस योजना को लागू किया जाएगा। वहीं दिल्ली सरकार का कहना है कि उनके इस फैसले से दिल्ली मेट्रो को कोई नुकसान नहीं होगा। महिलाओं के लिए मुफ्त सफर करने पर जो भी खर्च आएगा उसे दिल्ली सरकार वहन करेगी।












Click it and Unblock the Notifications