संबित पात्रा का राहुल पर हमला, 'गुजरात में जनेऊधारी हिंदू हूं तो यूपी-बिहार में मौलाना हूं मैं'
संबित पात्रा ने कपिल सिब्बल के बयान को लेकर पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसते हुए हमला बोला। संबित पात्रा ने शायरी भरे अंदाज में राहुल गांधी को निशाने पर लिया।
नई दिल्ली। राम मंदिर को लेकर सुप्रीम कोर्ट में दिए गए अपने बयान पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सुन्नी वक्फ बोर्ड के वकील कपिल सिब्बल घिर गए हैं। पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद के धंधुका में आयोजित अपनी चुनावी रैली में कांग्रेस को आड़े हाथों लिया और उसके बाद भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कपिल सिब्बल के बयान को लेकर पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसते हुए हमला बोला। संबित पात्रा ने शायरी भरे अंदाज में राहुल गांधी को निशाने पर लिया।

संबित पात्रा ने शायराना अंदाज में राहुल पर हमला बोलते हुए कहा, 'बदलते हुए मौसम का बदलता हुआ परवाना हूं मैं, गुजरात में जनेऊधारी हिंदू हूं तो यूपी-बिहार में मौलाना हूं मैं।' कपिल सिब्बल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए संबित ने कहा, 'सुन्नी वक्फ बोर्ड के हाजी महबूब ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट में कपिल सिब्बल का अयोध्या मामले पर दिया गया बयान उनके निजी विचार हैं और उन्होंने यह सब कुछ एक राजनेता के तौर पर बोला है।'
वक्फ बोर्ड ने बयान को बताया गलत
आपको बता दें कि कपिल सिब्बल ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में अयोध्या मामले पर सुन्नी वक्फ बोर्ड की ओर से पैरवी करते हुए मांग की थी कि इस केस की सुनवाई लोकसभा चुनाव तक टाल दी जाए। तभी से सिब्बल के बयान को लेकर विवाद बना हुआ है। सिब्बल के बयान से कांग्रेस के किनारा करने के बाद सुन्नी वक्फ बोर्ड ने भी इसे उनका निजी मत और गलत बताया है। वक्फ बोर्ड ने कहा कि वह अयोध्या मामले का जल्द से जल्द समाधान चाहते हैं।
वहीं, केंद्रीय कानून मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने इस मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा, 'मैं राहुल गांधी और सोनिया गांधी से पूछना चाहता हूं, कृप्या अपनी पार्टी का रुख स्पष्ट करें कि वह राम जन्मभूमि केस की सुनवाई जल्द से जल्द चाहती है या नहीं?' इससे पहले अहमदाबाद रैली में पीएम मोदी ने भी कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला।











Click it and Unblock the Notifications