भाजपा नेता का विवादित बयान, बोले- पश्चिम बंगाल पुलिस से जूते चटवाएंगे
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के बीच तनातनी का दौर लगातार चल रहा है। इस बीच भाजपा नेता राजू बनर्जी ने पश्चिम बंगाल पुलिस को लेकर विवादित बयान दिया है। पश्चिम बंगाल सरकार पर हमला बोलते हुए राजू ने कहा कि पश्चिम बंगाल में पुलिस बल गुंडा राज को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठा रहा है, अगर भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आई तो पुलिस को जूते चाटने पर मजबूर कर देगी।

दुर्गापुर में एक कार्यक्रम में बोलते हुए राजू ने कहा कि देखिए आजकल पश्चिम बंगाल में क्या हो रहा है, क्या राज्य में गुंडा राज ही रहेगी, पुलिस किसी भी तरह की कोई मदद नहीं कर रही है। ऐसी पुलिस के साथ क्या करना चाहिए, हम उन्हें जूते चटवाएंगे। बता दें कि पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा नेता लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने मंगलवार को दावा किया है कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा सबसे खराब है।
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि पूरे देश में एक जैसा कानून लागू होता है लेकिन पश्चिम बंगाल में टीएमसी का कानून चलता है। बंगाल में महिला मुख्यमंत्री हैं, लेकिन प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा अन्य प्रदेशों की तुलना में सबसे ज्यादा खराब है। प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। बता दें कि कैलाश विजयवर्गीय पश्चिम बंगाल के भाजपा प्रभारी भी हैं। पार्टी की ओर से आगामी चुनाव अभियान का मैनेजमेंट संभालने के लिए आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय को भी प्रदेश में भेजा गया है।












Click it and Unblock the Notifications