उत्तरी दिल्ली नगर निगम के मेयर-डिप्टी मेयर चुने गए भाजपा नेता जय प्रकाश और रितु गोयल
नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली नगर निगम (एनडीएमसी) के मेयर के निर्वाचन का परिणाम घोषित हो गया है। भाजपा नेता जय प्रकाश मेयर और रितु गोयल को डिप्टी मेयर के तौर पर चुना गया है। ऐसा पहली बार हो रहा है कि जब राजधानी दिल्ली में तीनों नगर निकायों एसडीएमसी, एनडीएमसी और ईडीएमसी में मेयर पद का चुनाव सिविक सेंटर में एक ही दिन में हुआ है। अन्य निकायों की बात करें तो दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में भाजपा पार्षद अनामिका मिथिलेश को मेयर और निर्मल जैन को पूर्वी दिल्ली नगर निगम में मेयर के तौर पर निर्वाचित किया गया है।

हरिनगर से पार्षद अनामिका एसडीएमसी की सदन बैठक में निर्विरोध मेयर चुनी गई हैं और सीआर पार्क से सांसद सुभाष भड़ाना सर्वसम्मति से डिप्टी मेयर चुने गए हैं। इसके अलावा पूर्वी दिल्ली के डिप्टी मेयर के तौर पर हरि प्रकाश बहादुर को चुना गया है। राजधानी के तीनों नगर निगमों में भाजपा पार्षदों को बहुमत मिला है। एक ही दिन में हुए इस चुनाव में कोरोना (कोविड-19) संकट को देखते हुए सभी तरह के उपाय अपनाए गए हैं। इसके लिए सभी लोगों से मास्क पहनने और सोशल डिस्टैंसिंग के नियमों का पालन करने को कहा गया।
जानकारी के लिए बता दें पिछले चुनाव में निर्वाचित तीनों मेयर का कार्यकाल मार्च के आखिरी हफ्ते में खत्म हो गया था। वहीं मेयर के चुनाव अप्रैल माह में पहली सदन की बैठक में होने वाले थे लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण इन्हें मई में भी नहीं किया जा सका। जिसके चलते चुनाव होने में इतना समय लग गया। देशभर में इस समय कोरोना वायरस (Coronavirus) के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित शहरों में दिल्ली का नाम भी शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications