कर्नाटक में BJP-JDS गठबंधन से I.N.D.I.A. में क्यों बिगड़ी बात? केरल में CPM पर भड़की कांग्रेस
कर्नाटक में 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए बीजेपी-जेडीएस के बीच गठबंधन होने से विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया ब्लॉक में बात बिगड़ गई है। सीपीएम और कांग्रेस दोनों ही इंडिया ब्लॉक में शामिल हैं, लेकिन बीजेपी के साथ पूर्व पीएम एचडी देवगौड़ा की पार्टी के हाथ मिलाने से केरल में उनके बीच और भी तल्खी आ गई है।
इस घटना के लिए मंगलवार को केरल में कांग्रेस ने सत्ताधारी एलडीएफ की अगुवा सीपीएम के खिलाफ जोरदार मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस की शिकायत है कि जेडीएस ने जब बीजेपी से हाथ मिला लिया है, फिर वह एलडीएफ सरकार का हिस्सा क्यों बनी हुई है।

कांग्रेस ने सीपीएम की 'धर्मनिरपेक्ष साख' पर उठाए सवाल
इधर जेडीएस एनडीए का हिस्सा बनी है, उधर कांग्रेस ने सीपीएम के 'धर्मनिरपेक्ष साख' पर सवालिया निशान लगाना शुरू कर दिया है। कांग्रेस ने पूछा है कि सीएम पिनाराई विजयन की सरकार से जेडीएस को अबतक बाहर क्यों नहीं किया गया है। कांग्रेस ने इंडिया ब्लॉक में अपनी सहयोगी वामपंथी दलों पर यहां तक आरोप लगा दिया है कि यह लेफ्ट के संघ परिवार वाली मानसिकता का सबूत है।
जेडीएस को एलडीएफ सरकार से बाहर करने की मांग
कांग्रेस ने सीपीएम को चुनौती दी है कि अगर उसके स्टैंड में जरा भी संघ परिवार के विरोध के लिए कोई ईमानदारी बची है तो तत्काल जेडीएस को लेफ्ट डेमोक्रैटिक फ्रंट (एलडीएफ) और कैबिनेट से बाहर करे या उसे बीजेपी के साथ गठबंधन तोड़ने तक बाहर जाने को कह दे।
कांग्रेस ने वामपंथी दलों पर दोहरे मापदंड का लगाया आरोप
केरल में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के सुधाकरन ने यहां तक आरोप लगाया है कि बीजेपी के साथ जेडीएस का आना एक बायपास बन जाएगा, जिससे सीपीएम और भाजपा के रिश्ते आगे चलकर और मजबूत होंगे।
उन्होंने दावा किया कि 'यही वजह है कि सीपीएम ने जेडीएस को अपने साथ बनाए रखने का फैसला किया है, जो कि राज्य में अब बीजेपी की एक सहयोगी है।' उन्होंने आगे कहा, 'अल्पसंख्यकों को यह भरोसा दिलाकर कि वे संघ परिवार के विरोधी हैं, उन्हें धोखा देने का वामपंथी दल का दोहरा मापदंड इसके जरिए उजागर हो गया है।'
केरल में एनडीए-एलडीएफ की गठबंधन सरकार है-कांग्रेस
वहीं केरल विधानसभा में विरोधी दल के नेता वीडी सतीसन ने सीपीएम और मुख्यमंत्री विजयन से पूछा है कि क्या उनमें जेडीएस को एलडीएफ से बाहर करने का साहस है। उन्होंने केरल के सत्ताधारी गठबंधन का मजाक उड़ाते हुए कहा कि अब केरल में 'एनडीए-एलडीएफ की गठबंधन सरकार है।'
कांग्रेस पार्टी इंडिया ब्लॉक में अपनी सहयोगी सीपीएम पर इस वजह से भड़की हुई है, क्योंकि जब जेडीएस ने बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए में शामिल होने की औपचारिक घोषणा कर दी है तो उसके पार्टी के नेता विजयन कैबिनेट में किस वजह से बने हुए हैं।
गौरतलब है कि 22 सितंबर को ही जेडीएस ने औपचारिक तौर पर भाजपा की अगुवाई वाले एनडीए का हिस्सा बनने का ऐलान किया है और दोनों पार्टियों के बीच 2024 का लोकसभा चुनाव कर्नाटक में मिलकर लड़ना तय हुआ है। कर्नाटक के सियासी गणित के हिसाब से भाजपा-जेडीएस का मिलना कांग्रेस के चुनावी गणित के लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है। (इनपुट- पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications