राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का आज जवाब देंगे पीएम मोदी, भाजपा ने सभी सांसदों को जारी किया व्हिप
भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को पार्टी के सभी लोकसभा सांसदों को तीन लाइन का व्हिप जारी करते हुए सोमवार को सदन में मौजूद रहने को कहा गया है। दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देंगे।
बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 31 जनवरी को संसद में बजट सत्र की शुरुआत के दौरान साझा सदन को संबोधित किया था। इससे पहले 2 फरवरी को पीएम मोदी ने संसद में सरकार की क्या रणनीति हो इसको लेकर शीर्ष मंत्रियों के साथ बैठक की थी।

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, अर्जुन मेघवाल इस बैठक में मौजूद थे। गुरुवार को सरकार ने 2024-25 का अंतरिम बजट पेश किया था।
बजट पेश करते हुए सरकार की ओर से कहा गया था कि इस बजट का केंद्र आर्थिक नीतियों पर है जोकि देश के विकास को रफ्तार देगी, समग्र विकास को आगे बढ़ाएगी। सरकार की ओर से कहा गया कि भारत 2047 तक विकसित देश बन जाएगा।
अंतरिम बजट में टैक्स स्लैब में किसी भी तरह का कोई बदलाव नहीं किया गया था। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने ऐलान किया था कि तेजी से बढ़ती आबादी के लिए सरकार हाई पॉवर्ड कमेटी का गठन करेगी। इसके साथ ही यह कमेटी भाजपा सरकार के 10 साल के कार्यकाल और पिछली सरकार के 10 साल के कार्यकाल में आर्थिक विकास पर श्वेत पत्र भी जारी करेगी।
गौर करने वाली बात है कि मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का यह आखिरी बजट था। माना जा रहा है कि अप्रैल-मई माह में आगाली लोकसभा चुनाव हो सकते हैं। बजट को पेश करते हुए निर्मला सीतारमण ने भरोसा जताया है कि एक बार फिर से भाजपा की अगुवाई वाली एनडीए सरकार की सत्ता में वापसी होगी।












Click it and Unblock the Notifications