हिंदू वोट एकजुट रखने के लिए BJP के साथ आए, लेकिन इन्हें महबूबा मुफ्ती पसंद हैं: शिवसेना
मुंबई। शिवसेना सुप्रीमो उद्धव ठाकरे ने शनिवार को मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। उद्धव ठाकरे ने कहा कि मोदी सरकार ने कहा था कि जीएसटी लागू होने के बाद पूरे देश में समानता आ जाएगी, लेकिन क्या समानता आई? यहां तक कि पाकिस्तान में भी हमसे कम कीमत पर पेट्रोल पर बिकता है। ठाकरे ने कहा कि हमने भाजपा से सिर्फ इसलिए गठबंधन किया था क्योंकि हम चाहते थे कि हिंदू वोट एकजुट रह सके लेकिन अब उन्हें लगता है कि हम उनके काम के नहीं है। हमें पता है इससे कैसे निपटना है।

विजया दशमी के दिन मुंबई में आयोजित एक जनसभा में उद्धव ठाकरे ने कहा कि आज देश भर में ऐसा माहौल बना दिया गया है कि जो लोग नोटबंदी के समर्थन में है वो देशभक्त हैं और जो इसके विरोध में है वो देशद्रोही हैं। ठाकरे ने कहा कि आपको नीतीश कुमार गाली देते हैं, महबूबा मुफ्ती धमकी देती है तो उनके साथ हम मिलजुल कर रहते हैं और हम 'गर्व से कहो हम हिंदू है' कहते हैं तो आपको हमारे साथ रहने में दिक्कत हो जाती है।
भाजपा पर हमला बोलते हुए ठाकरे ने कहा कि आप कश्मीर में महबूबा मुफ्ती के साथ मिलकर सत्ता सुख भोग रहे हैं। आपके एक विधान एक निशान के नारे का क्या हुआ? क्या आपके अंदर धारा 370 खत्म करने की हिम्मत है। मुंबई हादसे पर बोलते हुए ठाकरे ने कहा कि मुंबईकरों को बुलेट ट्रेन की जरुरत नहीं है उन्हें बुनियादी सुविधा देनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि मुंबई और अहमदाबाद के बीच बुलेट ट्रेन की क्या जरुरत है, अगर बनाना है तो कश्मीर से कन्याकुमारी तक बनाए।












Click it and Unblock the Notifications