शिवराज पाटिल के 'जिहाद' बयान पर बरसी भाजपा, कहा- ये है राहुल गांधी की कांग्रेस
पूर्व गृहमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिवराज पाटिल (Shivraj Patil) के बयान पर विवाद थम नहीं रहा है। भारतीय जनता पार्टी के सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने शिवराज पाटिल के बयान पर कांग्रेस को आड़े हाथ लिया है। उन्होंने कहा कि जो शिवराज पाटिल ने कहा वह उनकी पार्टी की विकृत और घृणित मानसिकता का प्रतीक है। बाल गंगाधर तिलक ने गीता में कर्मयोग शास्त्र को देखा, महात्मा गांधी ने गीता में अनाशक्ति को देखा, लेकिन राहुल गांधी की कांग्रेस के लोग गीता में जिहाद देख रहे हैं। इन लोगों का दिमाग वोट बैंक की मवाद से भरा हुआ है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे या सोनिया गांधी को इसका जवाब देना चाहिए कि जो शिवराज पाटिल ने कहा वह सही है, या फिर जो महात्मा गांधी ने कहा वो गलत था।

बता दें कि शिवराज पाटिल ने कहा था कि महाभारत में श्रीकृष्ण ने गीता में अर्जुन को जिहाद की शिक्षा दी थी। शिवराज पाटिल के इस बयान पर काफी हंगामा हो रहा है। हालांकि अपने इस बयान पर सफाई देने के लिए सामने आए शिवराज पाटिल से जब पत्रकार ने सवाल किया तो वह उसपर भी बिफर गए और बोले, अपने सवाल बाद में पूछना। अपनी सफाई देते हुए पाटिल ने कहा कि ना सिर्फ कुरान में बल्कि ईसाई धर्म में भी जिहाद का जिक्र है। उसमे कहा गया है कि जब कोई सारे विकल्प के बाद भी ना समझे, वह हथियार लेकर आपके पीछे दौड़े तो यह सही नहीं है। आप इस परिस्थिति में भाग नहीं सकते हैं।
शिवराज पाटिल ने कहा कि जो काम नहीं करना चाहिए और अगर वह कर रहा है तो यह जिहाद है। जिस तरह से कौरवों ने पांडवों को एक कमरे में बंद करके जलाने की कोशिश की, यह जिहाद था। जिस तरह से कौरव द्रौपदी का चीरहरण करते हैं, पांडवो को पांच गांव भी नहीं देते हैं, वह जिहाद था। गीता में लिखा है कि अगर कोई झगड़ा कर रहा है तो उससे लड़ाई मत करो बल्कि उसके साथ चर्चा करो। लेकिन अगर उसके बाद भी वह नहीं समझता है तो लड़ाई करो। यही तुम्हारा कर्तव्य है और श्रीकृष्ण ने अर्जुन को यह बताया है।












Click it and Unblock the Notifications