आम आदमी पार्टी के पोस्टर वार पर भाजपा का किरण वार
नई दिल्ली। दिल्ली की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी ने किरण बेदी को मैदान में उतारकर दिल्ली की सियासी सरगर्मी को बढ़ा दिया है। आम आदमी पार्टी दिल्ली में भाजपा के पास नेता की कमी के चलते जमकर हमला बोलती रही थी। ऐसे में भाजपा ने किरण बेदी को भाजपा का नया चेहरा बनाकर मैदान में उतारा है जिसके बाद आम आदमी पार्टी चारो खाने चित्त नजर आ रही है।

दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय के बाहर किरण बेदी के चेहरे को पोस्टर में जगह दी गयी है। जिसमें सतीश उपाध्याय और पीएम मोदी की भी तस्वीर है। ऐसे में किरण बेदी को भाजपा का दिल्ली में चेहरा माना जा रहा है। गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी शुरु से ही दिल्ली में भाजपा के खिलाफ इस बात को लेकर हमला बोल रही है कि भाजपा के पास दिल्ली की जनता के लिए एक भी नेता नहीं है।
आम आदमी पार्टी ने ऑटो से लेकर सभी जगह पोस्टर वार छेड़ते हुए भाजपा पर निशाना साधा था कि भाजपा का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार कौन। ऐसे में आप के लिए भाजपा ने राह मुश्किल बना दी है।
हालांकि पार्टी ने किरण बेदी को दिल्ली में भाजपा का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। लेकिन पार्टी के शीर्ष नेतृत्व सूत्रों की मानें तो पार्टी जल्द ही किरण बेदी को दिल्ली में भाजपा का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर सकती है।












Click it and Unblock the Notifications