हरियाणा सरकार ने वापस ली खेमका की चार्जशीट, लेकिन खेमका को खबर नहीं
चंडीगढ़। हरियाणा में बीजेपी सरकार ने आईएएस अशोक खेमका के खिलाफ चार्जशीट वापस ले ली है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कुछ दिनों पहले इस तरफ इशारा भी किया था। हालांकि खेमका को अभी तक इस बारे में कोई भी आधिकारिक जानकारी नहीं है।

कुछ दिनों पहले सरकार की ओर से इशारा दिया गया था कि खेमका के दिए गए जवाब के आधार पर सरकार चार्जशीट खत्म करने की तैयारी कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक सरकार खेमका की ओर से दिए गए जवाबों से संतुष्ट थी और उसका नजरिया भी काफी सकारात्मक था।
पांच अक्टूबर को सीएम खट्टर और खेमका की मुलाकात हुई थी। इसके बाद खेमका ने सीएम ऑफिस में खेमका ने अधिकारियों के सामने अपना पक्ष रखा था।
कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया था कि सरकार ने जिस कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर खेमका के खिलाफ चार्जशीट जारी की थी उसकी नोटिंग खेमका को मिली ही नहीं थी। नोटिंग सरकार के रिकॉर्ड से गायब बताई जा रही है।
हरियाणा की पूर्व हुड्डा सरकार की ओर से आईएएस अशोक खेमका को चार दिसंबर 2013 को चार्जशीट जारी की गई थी। रॉबर्ट वाड्रा लैंड डील से जुड़ी इस चार्जशीट में सरकार ने उस समय वाड्रा को क्लीन चिट दे दी थी।
इस चार्जशीट का जवाब खेमका ने 12 फरवरी 2015 को ही दे दिया था। सीएम खट्टर ने कुछ दिनों पहले इस पर बयान दिया था कि यह मामला कई वर्षों से पेंडिंग पड़ा हुआ है। सरकार जल्द ही इस मामले में निर्णय लेगी।
इस खबर के आने के बाद खेमका ने ट्वीट किया और कहा कि उन्हें अभी तक सिर्फ मीडिया के हवाले से ही इसकी जानकारी मिली है और कोई भी आधिकारिक सूचना उनके पास नहीं है।
No information from Government on decision in charge sheet issued on 4th Dec 2013. Media story is sweet music to my ears.
— Ashok Khemka, IAS (@AshokKhemka_IAS) November 4, 2015 











Click it and Unblock the Notifications