तीन राज्यों में हार के बाद इलेक्शन मोड़ में भाजपा, सभी मोर्चों के लिए तैयार किया ब्लू प्रिंट
नई दिल्ली। राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश जैसे तीन अहम राज्यों में सत्ता खोने के तुरंत बाद भारतीय जनता पार्टी चुनाव मोड में आ गई है। भाजपा ने आने वाले चुनाव के लिए ब्लू प्रिंट तैयार कर लिया है। भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए अपने सभी मोर्चों को एजेंडा सौंप दिया है। साथ ही हाल ही राज्यों में हुई हार को लेकर भी विश्लेषण को भी आगे बढ़ा दिया गया है।

भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक में अमित शाह ने नेशनल काउंसिल मीटिंग की तारीख फाइनल कर दी है, साथ ही उन्होंने सातों मोर्चों के लिए भी प्रोग्राम भी फाइनल कर लिया है। इन सभी कार्यक्रमों के जरिए तय किया जाएगा कि किस तरह से कार्यकर्ताओं और लोगो के बीच सरकार की उपलब्धियों को बताया जाए।
भाजपा पदाधिकारियों की इस मीटिंग में राज्यों के चुनाव नतीजों को लेकर भी बात होनी थी लेकिन इस पर कोई चर्चा नहीं हुई। इतना ही नहीं भाजपा की संसदीय दल की बैठक में भी राज्यों के चुनाव नतीजों पर भी कोई चर्चा नहीं हुई। यहां तक कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस पर कुछ नहीं कहा।
भाजपा की नेशनल काउंसिल की मीटिंग 11 और 12 जनवरी को दिल्ली में होनी है। यहीं से पार्टी 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए बिगुल बजाएगी। इस बैठक में काउंसिल के अलावा पार्टी के सांसद भी शामिल हो सकते हैं। बैठक में 2019 के लिए रोडमैप पर बात की जाएगी और बताया जाएगी कि कैसै चुनाव में जाना है।
दिल्ली में भाजपा के युवा मोर्चा की 15 और 16 दिसंबर को बैठक होगी। महिला मोर्चा की 21-22 दिंसबर को अहमदाबाद में बैठक होगी, जिसमें केंद्र के मंत्री भी शामिल होंगी और 22 दिसंबर को अहमदाबाद में एक बड़ी रैली भी होगी। इस रैली में पीएम और पार्टी अध्यक्ष भी शामिल होंगे।
किसान मोर्चा को भी पार्टी ने किसानों के बीच जाने को कहा है। किसानों की कर्जमाफी के मामले पर पार्टी रणनीति चाहती है। वहीं एससी/एसटी एक्ट और ओबीसी कमीशन को लेकर भी विपक्ष को मौका नहीं देना चाहती। मार्च 2019 में लोकसभा चुनाव का ऐलान हो सकता है, उससे पहले भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है।












Click it and Unblock the Notifications