दिल्ली: बीजेपी मुख्यालय में चुनाव समिति की बैठक, पीएम मोदी ने की राजस्थान-एमपी की सीटों पर चर्चा
राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। जल्द ही चुनाव आयोग तारीखों की घोषणा भी कर देगा, उससे पहले दिल्ली में बीजेपी ने एक अहम बैठक बुलाई। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
बीजेपी नेताओं के मुताबिक ये केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक थी। जिसमें मुख्यतौर पर राजस्थान और मध्य प्रदेश में टिकट बंटवारे को लेकर चर्चा हुई। पीएम मोदी ने खुद नेताओं से दोनों राज्यों को लेकर फीडबैक लिया। बैठक में नड्डा के अलावा अमित शाह, देवेंद्र फडणवीस, प्रह्लाद जोशी, राजनाथ सिंह, हरदीप सिंह पुरी आदि मौजूद रहे।

एमपी में जारी हो चुकी है दो लिस्ट
बीजेपी एमपी में दो लिस्ट जारी कर चुकी है। पहली लिस्ट में 39 उम्मीदवारों के नाम थे, जबकि दूसरी में उतने ही उम्मीदवार घोषित किए गए। हालांकि दूसरी लिस्ट ने लोगों को काफी चौंकाया था, क्योंकि उसमें 3 केंद्रीय मंत्रियों नरेंद्र सिंह तोमर, फग्गन सिंह कुलस्ते, प्रह्लाद पटेल के नाम थे। इसके अलावा कई सांसदों को भी पार्टी ने मैदान में उतारा।
अमित शाह ने जयपुर में की थी बैठक
वहीं दूसरी ओर हाल ही में केंद्रीय गृहमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता अमित शाह राजस्थान के दौरे पर गए थे। वहां पर उन्होंने बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बातचीत की। सूत्रों के मुताबिक 2 अक्टूबर को पीएम मोदी राजस्थान में रैली करेंगे। उससे पहले बीजेपी के 60 प्रत्याशियों के नाम पर मुहर लग सकती है।
छत्तीसगढ़ में आ चुकी है एक लिस्ट
बात करें छत्तीसगढ़ की, तो वहां पर बीजेपी की पहली लिस्ट आ चुकी है। जिसमें 21 उम्मीदवारों के नाम थे। अब पार्टी दूसरी लिस्ट पर मंथन कर रही। सूत्रों के मुताबिक अगले एक-दो दिनों में पार्टी दूसरी लिस्ट जारी कर सकती है। वहां पर भी कुछ सांसदों को टिकट देने को लेकर चर्चा चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications