राहुल गांधी की UK सांसद के साथ फोटो पर BJP ने साधा निशाना, कांग्रेस ने ऐसे दिया करारा जवाब
राहुल गांधी की यूके यात्रा के दौरान यूके सांसद जेरेमी कॉर्बिन से मुलाकात को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस ने नेताओं के बीच मुलाकात की फोटो शेयर की है।
नई दिल्ली, 24 मई: राहुल गांधी की यूके यात्रा के दौरान यूके सांसद जेरेमी कॉर्बिन से मुलाकात को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस ने नेताओं के बीच मुलाकात की फोटो शेयर की है। साथ में सैम पित्रोदा भी मौजूद है। यूके सांसद कॉर्बिन लेबर पार्टी के पूर्व नेता हैं। कॉर्बिन को भारत और हिंदू विरोधी रुख इख्तियार करने के लिए जाना जाता है। साथ ही वह कश्मीर को भारत से अलग करने का भी समर्थन करते हैं। इसके बाद भाजपा ने राहुल गांधी पर हमला करना शुरू कर दिया है।

बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने ट्वीट कर कहा कि पीएम मोदी के विरोध में राहुल गांधी देश का विरोध करने लग जाते हैं। इससे पहले भी डोकलाम विवाद के दौरान राहुल गांधी चीनी नेता से मिल आते हैं। अब भारत विरोधी रुख रखने वाले यूके सांसद कॉर्बन से मुलाकात की है।
क्या बोले अमित मालवीय
बीजेपी के आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने भी कांग्रेस नेता पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि कॉर्बिन भारत के लिए अपनी आंतक नापसंदगी के लिए जाने जाते हैं, कश्मीर के अलगाव की वकालत करते हैं और स्पष्ट रूप से हिंदू विरोधी हैं। राहुल गांधी को आखिरकार अपना विदेशी सहयोगी मिल गया है, जो भारत को उन्हीं की तरह बदनाम करते हैं।
कांग्रेस ने पीएम मोदी की फोटो शेयर कर ऐसे दिया जवाब
कांग्रेस ने भी बीजेपी के हमले का पलटवार किया है। रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी ट्विटर पर पीएम मोदी और जेरेमी कॉर्बिन की एक तस्वीर शेयर की है। फोटो में दोनों नेता हैंड शेक कर रहे हैं। उन्होंने लिखा कि मैं भी अपनी मीडिया से कह सकता हूं कि पहचानों यह शख्स कौन है? और उससे भी उसी तरह का सवाल पूछो जैसा राहुल गांधी से पूछा जा रहा है। क्या इसका मतलब हुआ कि प्रधानमंत्री जेरेमी कॉर्बिन के भारत के बारे में विचारों का समर्थन करते हैं?
क्यो बोले सैम पित्रोदा
सालों से गांधी परिवार के करीबी रहे सैम पित्रोदा ने बीजेपी के हमले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बताया कि कॉर्बिन मेरे निजी दोस्त हैं और होटल में एक कप चाय के लिए आए थे, इसमें राजनीतिक कुछ भी नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications