राफेल डील की नई रिपोर्ट पर बीजेपी का कांग्रेस पर पलटवार, कहा-'राहुल गांधी जवाब दें'
नई दिल्ली, 09 नवंबर: राफेल डील में साल 2007 से 2012 के बीच हुए भ्रष्टाचार से जुड़े नए खुलासों के बाद एक बड़ी राजनीतिक लड़ाई फिर से शुरू हो गई है। राफेल डील को लेकर हुए इस खुलासे पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी सरकार को घेरा है। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसे सबसे बड़ा रक्षा घोटाला बताया। अब बीजेपी ने कांग्रेस पर पलटवार किया है। बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने ने कहा कि उनके ख्याल से अब इंडियन नेशनल कांग्रेस का नाम बदलकर 'आई नीड कमीशन' कर देना चाहिए।

सत्तारूढ़ भाजपा ने 2014 से पहले कथित भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस पर हमला किया। संबित पात्रा ने कहा कि, 'हम सबने देखा कि विपक्षी पार्टियां, खासतौर पर कांग्रेस ने कैसे 2019 के आम चुनावों में राफेल को लेकर गलत माहौल बनाने की कोशिश की। उन्हें लगा था कि इससे उन्हें राजनीतिक फायदा होगा। आज, हम कुछ और जरूरी कागजात आपके सामने रखेंगे, ताकि आपके सामने स्पष्ट छवि हो कि किसके कार्यकाल में भ्रष्टाचार हुआ।
पात्रा ने कहा, 'मेरे विचार से इंडियन नेशनल कांग्रेस का नाम बदलकर अब आई नीड कमीशन कर देना चाहिए।' उन्होंने कहा, 'हमने देखा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस ने किस तरह 2019 चुनाव से पहले अफवाहें फैलाईं। यह अतिशयोक्तिपूर्ण बात नहीं है कि यूपीए के कार्यकाल के दौरान हर डील में एक 'डील' थी और वे इसके बाद भी डील नहीं कर सके।' उन्होंने कहा, 'राहुल गांधी को इटली से जवाब देना चाहिए कि आपने और आपकी पार्टी ने इतने सालों से राफेल को बारे में झूठ फैलाने की कोशिश क्यों की। अब यह खुलासा हो गया है कि वर्ष 2007 से 2012 तक उनकी अपनी सरकार सत्ता में थी जब कमीशन दिया गया था।
पात्रा ने कहा कि, भारतीय वायु सेना को फाइटर विमानों की जरूरत थी, इसके बावजूद डील को 10 वर्षों तक नहीं किया गया। क्योंकि बात विमान के लिए नहीं बल्कि कमीशन के लिए हो रही थी। इसके अलावा, उन्होंने कहा, "यदि रिपोर्ट में कमीशन की बात को पढ़ते हैं तो उससे पता चलता है कि ये करार '40% कमीशन' पर हो रहा था। कमीशन जेट की डिलीवरी के बाद देना था।' दूसरी ओर कांग्रेस का कहना है, 'ऑपरेशन कवरअप के मौजूदा खुलासे से मोदी सरकार और सीबीआई-प्रवर्तन निदेशालय के बीच राफेल भ्रष्टाचार को दबाने के लिए संदिग्ध साठगांठ का पता चलता है।












Click it and Unblock the Notifications