लक्ष्मीकांत बाजपेयी को बड़ी जिम्मेदारी, बीजेपी ने बनाया राज्यसभा का चीफ व्हिप
नई दिल्ली, 15 जुलाई: संसद का मानसून सत्र 18 जुलाई से शुरू हो रहा है। जिसकी तैयारियों में सभी राजनीतिक दल जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में अब बीजेपी ने लक्ष्मीकांत बाजपेयी को राज्यसभा में चीफ व्हिप नियुक्त किया है। बाजपेयी हाल ही में राज्यसभा के लिए चुने गए थे। इससे पहले वो उत्तर प्रदेश में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में बड़ी जिम्मेदारी निभा चुके हैं।

वहीं राजनीतिक करियर की बात करें तो 1964 में बाजपेयी संघ सेवक थे। कई साल संघ में बिताने के बाद उन्होंने 1977 में बीजेपी युवामोर्चा को ज्वाइन कर लिया। इसके बाद वो 1982 में जिला महामंत्री बन गए। साल 89 उनकी जिंदगी के लिए बड़ा टर्निंग प्वाइंट था, जब वो पहली बार विधायक बने। इसके बाद जब बीजेपी ने मायावती के साथ गठबंधन कर सरकार बनाई तो वो 11 महीने तक पशुधन दुग्ध विकास मंत्री रहे। धीरे-धीरे उनका कद पार्टी में बढ़ता चला गया। वो साल 2012 से 2016 तक यूपी में बीजेपी के चीफ रहे। उनके कार्यकाल के दौरान ही 2014 में बीजेपी ने यूपी में 80 में से 71 सीटें हासिल कीं।
पीयूष गोयल बने सदन के नेता
वहीं एक दिन पहले बीजेपी ने पीयूष गोयल को फिर से राज्यसभा में सदन के नेता के रूप में नियुक्त किया। बतौर केंद्रीय मंत्री अभी उनके पास उद्योग मंत्री, उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण, कपड़ा मंत्रालय है। वहीं चीफ व्हिप और सदन के नेता की नियुक्त तो हो गई, लेकिन अभी उपनेता का चुनाव बाकी है, जिस पर बीजेपी अगले 1-2 दिन में फैसला ले सकती है। उपनेता का पद मुख्तार अब्बास नकवी का कार्यकाल खत्म होने की वजह से खाली पड़ा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications