सोनिया गांधी के पत्र का बीजेपी ने ऐसे दिया जवाब, कहा- पीएम को नहीं लालू को लिखें चिट्ठी
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि उन्हें लोकसभा में अपनी पार्टी के बहुमत का लाभ उठाते हुए महिला आरक्षण विधेयक को पारित करवाना चाहिए
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के पत्र का जवाब देते हुए कहा है कि अगर सोनिया गांधी महिला बिल को लेकर इतनी ही फिक्रमंद हैं तो अपने सहयोगियों - समाजवादी पार्टी और आरजेडी जैसी पार्टियों को चिट्ठी लिखें, जो इस बिल का विरोध करती आ रही हैं। साथ ही बीजेपी ने ये भी कहा है कि मोदी सरकार महिला बिल को लेकर प्रतिबद्ध है।

बीजेपी के मुताबिक महिला बिल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सोनिया गांधी क्रेडिट लेना चाह रही हैं। आपको बता दें कि सरकार शीतकालीन सत्र में महिला आरक्षण बिल लाने की तैयारी कर रही है। महिला बिल यूपीए के शासनकाल में राज्यसभा के पास हो चुका है अब बिल को लोकसभा से पास होना है।
गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि उन्हें लोकसभा में अपनी पार्टी के बहुमत का लाभ उठाते हुए महिला आरक्षण विधेयक को पारित करवाना चाहिए। सोनिया ने प्रधानमंत्री को इस बात का भरोसा दिलाया कि उनकी पार्टी महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन करेगी। उन्होंने इसे महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
सोनिया ने पीएम मोदी को लिखे पत्र में ये भी बताया है कि कांग्रेस और उनके दिवंगत नेता राजीव गांधी ने संविधान संशोधन विधेयकों के जरिये पंचायतों एवं स्थानीय निकायों में महिलाओं के लिए आरक्षण के लिए पहली बार प्रावधान कर महिला सशक्तीकरण की दिशा में जरुरी कदम उठाया था।












Click it and Unblock the Notifications