BJP ने I.N.D.I.A. को पहली बार माना 'वास्तविक चुनौती', कैसे करेगी मुकाबला? जानिए
विपक्षी पार्टियों के इंडिया (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव एलायंस) ब्लॉक से मुकाबले पर बीजेपी की ओर से पहली बार बड़ा बयान आया है और पार्टी ने विपक्ष के गठबंधन को 'वास्तविक चुनौती' करार दिया है।
सबसे बड़ी बात ये है कि इंडिया ब्लॉक को पार्टी के लिए असली चुनौती बताने वाला बयान केंद्रीय मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र प्रधान की ओर से आया है। प्रधान भाजपा के उन नेताओं में से हैं, जो बीजेपी को चुनावी मशीन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते आए हैं।

प्रधान ने 2024 में लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए पार्टी से किया अनुरोध
यही नहीं धर्मेंद्र प्रधान ने एक और बड़ा बयान यह दिया है कि उन्होंने पार्टी से अनुरोध किया है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें भी उनके गृह राज्य ओडिशा से चुनाव लड़ने की अनुमति दी जाए। प्रधान ने यह सारी बातें न्यूज एजेंसी पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में बताई हैं। वे अभी राज्यसभा के सांसद हैं और इससे पहले वनइंडिया कई रिपोर्ट में आपको बता चुका है कि बीजेपी अपने कुछ राज्यसभा सांसदों और सरकार के बड़े चेहरों को लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए कह सकती है।
इंडिया ब्लॉक को वास्तविक चुनौती के रूप में देखता हूं- प्रधान
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि बीजेपी का एजेंडा यही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार देश की सेवा का अवसर देना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा, 'मैं इसे (इंडिया ब्लॉक) वास्तविक चुनौती के रूप में देखता हूं, क्योंकि एनडीए और बीजेपी किसी भी चुनाव को हल्के में नहीं लेती। जमीनी कार्यकर्ताओं से लेकर शीर्ष नेताओं तक प्रत्येक चुनाव को बहुत ही गंभीरता से लेते हैं और प्रधानमंत्री आगे से हमारा नेतृत्व करते हैं।'
एक मौका देने का अनुरोध किया है- धर्मेंद्र प्रधान
खुद लोकसभा चुनाव लड़ने के बारे में उनका कहना है कि 'मैंने अपनी इच्छा के बारे में पार्टी को पहले ही बता दिया है और मुझे एक मौका देने का अनुरोध किया है। बीजेपी का एजेंडा ये सुनिश्चित करना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरे कार्यकाल में भी देश की सेवा करें.... ' खुद के चुनाव लड़ने वाली उनकी इच्छा एक तरह से संकेत है कि जो बातें पहले की रिपोर्ट में बताई गई हैं, पार्टी उस दिखा में गंभीरता से सोच रही है।
महिला आरक्षण पर कांग्रेस को घेरा
महिला आरक्षण के बारे में केंद्रीय मंत्री ने कहा है कि देश की माताओं और बहनों को राजनीतिक अधिकार देकर प्रधानमंत्री मोदी ने एक उदाहरण तय किया है। वो बोले, 'कांग्रेस ने महिला आरक्षण विधेयक को समाप्त होने दिया और अपने शासन के दौरान इसके प्रति कोई भी निष्ठा नहीं दिखाई। किसी ने उनकी हाथ नहीं पकड़ रखा था। उनके पास मौका (संसद से महिला आरक्षण बिल को पास कराने का) था, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।'
जातिगत जनगणना पर राहुल गांधी से मांगा जवाब
इस दौरान मोदी सरकार के मंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से देशव्यापी जातिगत जनगणना की मांग को लेकर भी जोरदार पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि वे (राहुल) और उनकी 'परिवार की पार्टी' को वह ब्योरा साझा करनी चाहिए, जो उन्होंने ओबीसी और कमजोर वर्गों के लिए पिछले 75 वर्षों में किया है।
गौरतलब है कि धर्मेंद्र प्रधान खुद भी पिछड़ा वर्ग से आते हैं और इसी को देखते हुए 2022 में यूपी विधानसभा चुनावों से पहले भी भाजपा ने उन्हें ही राज्य का चुनाव प्रभारी बनाया था। ऐसा लग रहा है कि बीजेपी विपक्षी दलों के इरादों को भांप चुकी है और उसी के हिसाब से अपनी चुनावी रणनीति तैयार करने में जुटी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications