बिलकिस बानो केस: सुप्रीम कोर्ट की जज बेला त्रिवेदी ने सुनवाई से खुद को किया अलग, मामला स्थगित
सुप्रीम कोर्ट की जज बेला एम त्रिवेदी ने बिलकिस बानो केस की सुनवाई से इनकार कर दिया। उन्होंने इस मामले से खुद को अलग कर लिया है। वे आज इस मामले की सुनवाई करने वाली थी।

सुप्रीम कोर्ट की जज बेला एम त्रिवेदी ने बिलकिस बानो गैंग रेप मामले की सुनवाई से खुद को अलग कर लिया। इस मामले की आज सुनवाई होनी थी। लेकिन जस्टिस त्रिवेदी ने खुद को इस मामले से अलग कर लिया। मामले को स्थगित कर दिया गया है। बता दें कि जस्टिस त्रिवेदी सुप्रीम कोर्ट की बेंच का हिस्सा थी। वह 2002 के बिलकिस बानो सामूहिक बलात्कार और उसके परिवार के सात सदस्यों की हत्या से संबंधित मामले में 11 दोषियों की रिहाई को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई करने वाली थी।
अलग होने का कारण नहीं बताया
जस्टिस अजय रस्तोगी और बेला एम त्रिवेदी की बेंच ने जैसे ही इस मामले को सुनवाई के लिए लिया, जस्टिस अजय रस्तोगी ने कहा कि उनकी बहन जज बेला एम त्रिवेदी इस मामले की सुनवाई नहीं करना चाहेंगी। न्यायमूर्ति रस्तोगी की अध्यक्षता वाली पीठ ने आदेश दिया कि मामले को उस पीठ के समक्ष सूचीबद्ध करें जिसमें हम में से कोई सदस्य नहीं है। पीठ ने न्यायमूर्ति त्रिवेदी के सुनवाई से अलग होने का कोई कारण नहीं बताया।
जानें क्या है मामला
बिलकिस बानो ने दो अलग-अलग याचिकाओं में 15 अगस्त को गुजरात सरकार द्वारा दोषियों की जल्द रिहाई को चुनौती देते हुए कहा था कि राज्य सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित कानून की आवश्यकता को पूरी तरह से अनदेखा करते हुए एक यांत्रिक आदेश पारित किया है। गोधरा ट्रेन जलाने की घटना के बाद 2002 के गुजरात दंगों के दौरान पांच महीने की गर्भवती बिलकिस बानो से सामूहिक बलात्कार किया गया था। उनके परिवार के सात सदस्यों की हत्या कर दी गई थी। जिसमें उनकी तीन साल की बेटी भी थी।
यह भी पढ़ें- अब पप्पू कौन है? TMC सांसद मोइत्रा ने अर्थव्यवस्था को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर बोला हमला












Click it and Unblock the Notifications