बहू की हत्या के जुर्म में सास, ससुर, पति पहुंचे जेल, फिर वो जिंदा लौटी!
पटना। बिहार के सुपौल में जिस महिला की हत्या के जुर्म में पति और ससुर 5 महीने से ज्यादा जेल में बंद रहे, वही महिला थाने पहुंचकर बोली- मैं तो जिंदा हूं। जेल में तो सास भी थीं, लेकिन वह हाल ही में बाहर आई हैं। मामला कुछ यूं हुआ कि सोनिया नाम की महिला 25 मई को ससुरालवालों से झगड़ा कर घर से निकल गई थी। अगले ही दिन 26 मई को सदर थाना क्षेत्र के बसबिट्टी व तेलवा गांव की सीमा पर पुलिस ने एक विवाहिता की लाश मिली। लाश के चेहरे पर कई जगह धारदार हथियार से वार किया गया था। शव क्षत-विक्षत था। सदर पुलिस ने लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। चौकीदार का बयान दर्ज किया गया। अब तक पुलिस को पता नहीं था, शव किसका है, लेकिन दो दिन बाद ही कहानी पूरी तरह उलझ गई। हालांकि, पुलिस यह समझ रही थी कि मामला सुलझ गया है, लेकिन हकीकत में कहानी उलझ गई थी।

बिना पुख्ता सबूत पुलिस ने सोनिया के सास, ससुर और पति पर दर्ज किया हत्या का केस
सोनिया के घर से जाने के दो दिन बाद जब उसका कुछ पता नहीं चला और उधर एक विवाहिता का शव बरामद हो गया तो अखबारों में खबर छपी। सोनिया के मायके वालों ने उसकी हत्या का आरोप ससुराल वालों पर लगा दिया। सदर थाना, सुपौल में सोनिया की सास, ससुर और पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करा दिया गया।
पुलिस को भी मामला एकदम सीधा-साध लगा और बिना दिमाग लड़ाए सोनिया के सास, ससुर और पति को जेल में डाल दिया गया।

ससुराल से निकली, पता नहीं कैसे दिल्ली पहुंची सोनिया
सोनिया के सास ससुर और पति जेल पहुंच गए और सोनिया बिहार से दिल्ली। वह मरी नहीं थी, जिंदा थी। यह बात किसी को पता नहीं थी। दरअसल, सोनिया जब ससुराल से गुस्सा होकर निकलकर सिमराही बाजार आ गई तो वहां उसे एक लड़की और उसकी मां मिले। मां-बेटी ने उसे मायके पहुंचाने की बात कही और एक बस में बिठा दिया। इसके बाद उसे पता नहीं क्या हुआ, शायद उसे कुछ नशीला पदार्थ खिलाया गया, जब उसे होश आया तो वह दिल्ली में थी। दिल्ली में उसे कमरे में बंद रखा गया। जिस समय वह ससुराल से निकली उस समय उसके गर्भ में बच्चा पल रहा था। दिल्ली में ही उसने बच्चे को भी जन्म दिया।

सोनिया की कहानी में हैं कई सवाल, वह दिल्ली में कहां थी, क्यों थी, अब तक मिले सारे जवाब
सोनिया दिल्ली कैसे पहुंची? वह कह रही है कि उसे किसी ने नशीला पदार्थ खिलाकर दिल्ली पहुंचा दिया गया। कुछ खबरों में कहा जा रहा है कि उसे दिल्ली कमरे में बंद रखा गया। कुछ खबरों में दावा है कि उसे ससुराल की याद आई तो उसने फोन किया। मतलब सोनिया के वापस ससुराल आने की कहानी अब तक ठोस सामने नहीं आई है। बहरहाल, सोनिया की सास गीता देवी कह रही हैं कि उन्हें पता चला कि उनकी बहू दिल्ली में है। उधर, सोनिया के हवाले से रिपोर्ट में सामने आया है कि उसने फोन करके बताया कि वह दिल्ली में है। इसके बाद सोनिया को लेने के लिए उसके ससुराल वालों ने दिल्ली कुछ लोगों को भेजा और इसके बाद सोनिया थाने पहुंची और पुलिस को बताया कि वह जिंदा है। अब सवाल यह है कि अगर सोनिया जिंदा है तो आखिर वह महिला कौन है, जिसका क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications