PM मोदी को खत लिखने वाली 49 हस्तियों के खिलाफ राजद्रोह का केस खत्म, याचिकाकर्ता पर FIR
पटना। देश में बढ़ती मॉब लिंचिंग की घटनाओं को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खत लिखने वाली 49 हस्तियों के खिलाफ देशद्रोह का केस खत्म कर दिया गया है। बिहार पुलिस ने रामचंद्र गुहा, मणिरत्नम समेत 49 हस्तियों पर दर्ज केस को रद्द करने का आदेश दिया है। बिहार के मुजफ्फरपुर के एसएसपी ने बुधवार को इन प्रतिष्ठित लोगों के खिलाफ दर्ज मुकदमे को बंद करने के आदेश दिए।

बिहार पुलिस मुख्यालय के आदेश पर सुपरवीजन में मुजफ्फरपुर के एसएसपी मनोज कुशवाहा ने मामले को पूरी तरह से तथ्यहीन, आधारहीन, साक्ष्यविहीन और दुर्भावनापूर्ण करार दिया है। बिहार पुलिस के एडीजी मुख्यालय जितेंद्र कुमार ने बताया कि एसएसपी की रिपोर्ट के आधार पर मामले के शिकायतकर्ता सुधीर ओझा के खिलाफ आईपीसी की धारा 182/211 के तहत कार्रवाई का आदेश दे दिया गया है।
एसएसपी मनोज कुमार ने कहा कि इस पूरे मामले की तफ्तीश की गई और पाया गया कि सभी 49 लोगों के खिलाफ जो आरोप लगाए गए हैं वह निराधार है। पुलिस कोर्ट में याचिकाकर्ता सुधीर ओझा के खिलाफ आईपीसी की धारा 182 और 211 के तहत मुकदमा चलाने की अपील करेगी क्योंकि उन्होंने सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए इन सभी के खिलाफ शिकायत कोर्ट में दर्ज कराई थी।
बता दें कि भारतीय दंड संहिता की कई धाराओं के तहत तीन अक्टूबर को एफआईआर दर्ज की गई थी। फिल्म निर्माता मणिरत्नम, अनुराग कश्यप, श्याम बेनेगल, अभिनेता सौमित्र चटर्जी और गायक शुभा मुद्गल सहित 49 हस्तियों पर देशद्रोह के आरोप लगे थे। इन लोगों के खिलाफ एफआईआर कराने वाले वकील सुधीर ओझा 23 साल के अपने करियर में उन्होंने 745 जनहित याचिकाएं दायर की हैं। वे सदी के महानायक अमिताभ बच्चन से लेकर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह तक पर मुकदमा कर चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications