बिहार में NDA ने जीती पहली बाजी! BJP ने चिराग और चाचा में फिक्स की डील, किसे मिली कितनी सीटें?
Lok Sabha Election 2024 News: बिहार में एनडीए के बीच सीटों के बंटवारे का फॉर्मूला निकल गया है। यह दावा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद किया है।
बिहार में अभी तक बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए में चिराग पासवान की दावेदारी की वजह से ही सीटों के बंटवारे पर पेच फंस रहा था। लेकिन, चिराग ने कहा है कि डील हो चुकी है और एलान जल्द किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य की सभी 40 सीटें एनडीए जीतेगा।

चिराग ने कहा है कि सीटों पर सहमति बन गई
इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के घर पर बुधवार को चिराग पासवान और बिहार बीजेपी के नेता मंगल पांडे के बीच सीटो के बंटवारे को लेकर बात हुई। पांडे चिराग के चाचा पशुपति कुमार पारस से पहले ही इस मसले पर मुलाकात कर चुके थे।
जेडीयू को 16 सीटें मिलेंगी!
अब बिहार में एनडीए में शामिल दलों के बीच जिस तरह से सीटों का फॉर्मूला निकलकर सामने आ रहा है, उसके मुताबिक नीतीश कुमार के जेडीयू को 16 सीटें दी जाएंगी। 2019 में जेडीयू 17 सीटों पर लड़ी थी, लेकिन एक सीट हार गई थी।
चिराग की पार्टी को हाजीपुर समेत 4 सीटें मिलेंगी-रिपोर्ट
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक चिराग पासवान की पार्टी को 4 सीटें दिए जाने की बात सामने आ रही है। इनमें हाजीपुर सीट भी बताई जा रही है, जहां से अभी उनके चाचा पशुपति पारस सांसद हैं। बता दें कि हाजीपुर सीट ही चाचा-भतीजे में नाक की लड़ाई बनी हुई है।
अन्य दलों को एक-एक सीट मिलेगी!
इसके अलावा एनडीए में शामिल पशुपति कुमार पारस, उपेंद्र कुशवाहा और जीतन राम मांझी की पार्टियों को 1-1 सीट देने पर सहमति बनने की बात कही जा रही है। पारस को समस्तीपुर की सीट दिए जाने की चर्चा है।
बता दें कि हाजीपुर लोकसभा सीट पर पहले चिराग के पिता रामविलास पासवान चुनाव लड़ते थे। इस आधार पर वे इसे अपनी पिता की विरासत मानते हैं। जबकि, पारस का कहना है कि उनके भाई ने अपनी सीट उन्हें दी थी, इसलिए वही उनके असली राजनीतिक उत्तराधिकारी हैं।
2019 में रामविलास पासवान की एलजेपी एनडीए में रहकर 6 सीटों पर लड़ी थी और सभी सीटें जीत गई थी। उनके निधन के बाद उनकी पार्टी टूट गई और चिराग अभी अपनी पार्टी के इकलौते सांसद हैं, जबकि उनके चाचा की पार्टी में कुल 5 सांसद हैं।
बीजेपी 17 सीटों पर लड़ेगी
भारतीय जनता पार्टी ने पिछली बार 17 सीटों पर चुनाव लड़ा था और सभी सीटें जीत गई थी। पार्टी के इस बार भी 17 सीटों पर ही चुनाव लड़ने की बात सामने आ रही है।












Click it and Unblock the Notifications