बिहार में भारी वाहनों से अनधिकृत मार्ग कर वसूली पर होगी अनुशासनिक कार्रवाई: नीतीश मिश्रा
बिहार के शहरी विकास और आवास विभाग का कहना है कि बिहार नगर अधिनियम 2007 के तहत आगामी नियमों के लागू होने और प्रभावी होने तक शहरी स्थानीय निकाय भारी वाहनों पर सड़क शुल्क या प्रवेश शुल्क नहीं ले सकते। निदेशकों और शहर के अधिकारियों को ऐसे सभी शुल्कों को तुरंत रोकने का निर्देश दिया गया है।
बिहार के नगर निकायों द्वारा भारी वाहनों से मार्ग कर, प्रवेश सेवा शुल्क अथवा चुंगी की अनधिकृत वसूली पर अब अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी। नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि नियमावली और विनियमावली के प्रभावी होने तक नगर निकाय किसी भी नाम या स्वरूप में मार्ग कर की वसूली नहीं कर सकते।

मंत्री ने कहा कि बिहार के नगर निकायों द्वारा भारी वाहनों से मार्ग कर, प्रवेश सेवा शुल्क या चुंगी की वसूली बिहार नगरपालिका अधिनियम, 2007 के तहत बनाए गए नियमों और विनियमों के अनुरूप ही की जा सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मार्ग कर की वसूली के लिए विभाग की ओर से अभी तक नियमावली या विनियमावली का निर्माण नहीं किया गया है। ऐसी स्थिति में नियमावली के अस्तित्व में आने तक नगर निकायों द्वारा किसी भी नाम, स्वरूप या माध्यम से मार्ग कर की वसूली पूरी तरह प्रतिबंधित है।
नीतीश मिश्रा ने बताया कि मार्ग कर की वसूली को लेकर विभाग की ओर से पहले भी समय-समय पर स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं। इन निर्देशों में कहा गया है कि संबंधित नियमावली के निर्माण और प्रभावी होने तक नगर निकाय किसी भी प्रकार का मार्ग कर, प्रवेश सेवा शुल्क या चुंगी नहीं वसूलेंगे। हालांकि, विभाग के संज्ञान में ऐसे मामले आए हैं, जहां कुछ नगर निकायों द्वारा भारी वाहनों से प्रवेश सेवा शुल्क, चुंगी अथवा अन्य किसी नाम से राशि की वसूली की जा रही है।
नगर निकायों को तत्काल वसूली रोकने के निर्देश
मंत्री ने कहा कि विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य के सभी नगर आयुक्तों तथा नगर परिषदों और नगर पंचायतों के नगर कार्यपालक पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। इन अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि मार्ग कर से संबंधित नियमावली या विनियमावली के निर्माण और प्रभावी होने तक किसी भी प्रकार की वसूली तत्काल बंद रखी जाए। साथ ही विभागीय निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
निर्देशों की अवहेलना पर अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही
नीतीश मिश्रा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई नगर निकाय विभागीय निर्देशों की अवहेलना करते हुए किसी भी नाम या स्वरूप में मार्ग कर की वसूली करता है, तो संबंधित नगर आयुक्त या नगर कार्यपालक पदाधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। ऐसे अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने सभी नगर निकायों को विभागीय आदेशों का कड़ाई से पालन करने और नियमावली के प्रभावी होने तक वाहनों से किसी भी प्रकार की अनधिकृत राशि नहीं वसूलने का निर्देश दिया है। विभाग की ओर से इस संबंध में प्राप्त शिकायतों और मामलों की लगातार निगरानी की जाएगी। निर्देशों का उल्लंघन किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।


Click it and Unblock the Notifications
