बिहार: अब हाजीपुर के शेल्टर होम में यौन शोषण का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
हाजीपुर। मुजफ्फरपुर बालिका गृह में बच्चियों का यौनशोषण, पटना के आसरा शेल्टर होम में दो युवतियों की संदिग्ध मौत के बाद अब हाजीपुर के शेल्टर होम से बुरी खबर आ रही है। यहां पुलिस ने अल्पवास गृह के प्रमुख कार्यकर्ता मनमोहन प्रसाद को लड़कियों के साथ यौनशोषण के आरोप में गिरफ्तार किया है।

अल्पवास गृह की लड़कियों ने 20 जुलाई को मनमोहन प्रसाद पर आरोप लगाए थे। लड़कियों के आरोपों के बाद पुलिस ने मामले की जांच की, जिसके बाद मंगलवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर किया। डीएम राजीव रोशन के आदेश के बाद आरोपी मनमोहन प्रसाद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
जानकारी के मुताबिक, लड़कियों का आरोप है कि मनमोहन शेल्टर होम में आता था और लड़कियों के साथ जबरन अश्लील हरकतें करता था। वह निरीक्षण करने के बहाने शेल्टर होम आया करता था। इसी दौरान उसने कई बार
लड़कियों से पीठ, पैर और हाथों की मसाज करने को कहा। लड़कियों का आरोप है कि उन्हें धमकी दी जाती थी कि अगर यौनशोषण के बारे में उन्होंने किसी को बताया तो उन्हें मार दिया जाएगा। एक बार तो इनकार करने पर मनमोहन ने लड़की के कपड़े तक फाड़ दिए थे।
अल्पावास गृह की संचालिका करुणा कुमारी ने भी माना है कि शेल्टर होम में लड़कियों पर अत्याचार हो रहा था। उन्होंने बताया कि जब भी 'अधिकारी' निरीक्षण के नाम पर आते थे तो सारे स्टाफ को नीचे रहने का निर्देश देते थे। इसके बाद वह शेल्टर होम के ऊपर वाले कमरे में चले जाया करते थे। यह सब काफी समय से चल रहा था।












Click it and Unblock the Notifications