Bihar News: मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने अपर मुख्य सचिव बी. राजेंद्र को दी भावभीनी विदाई, प्रशासनिक योगदान को सराहा
बिहार सामान्य प्रशासन विभाग ने आई.ए.एस. अधिकारी बी. राजेंद्र को सम्मानपूर्वक विदाई दी, जिसमें एचआरएमएस, ई-ऑफिस, बीपार्ड और बिपार्ड, पटना के लिए आईएसओ प्रमाणन जैसे उनके नेतृत्व और सुधारों को स्वीकार किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके अनुशासन, समय की पाबंदी और लोक सेवा को आगे बढ़ाने वाले शासन नवाचारों की सराहना की।
बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव बी. राजेंद्र (आईएएस) के सम्मान में बुधवार को मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की ओर से एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव तथा भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लेकर उनके प्रशासनिक योगदान को याद किया।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य जांच आयुक्त दीपक कुमार सिंह के स्वागत उद्बोधन से हुई। इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग की उपलब्धियों और प्रशासनिक सुधारों पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। फिल्म में बी. राजेंद्र के कार्यकाल के दौरान विभाग में किए गए प्रमुख सुधारों, नवाचारों और सुशासन से जुड़ी पहलों को रेखांकित किया गया।
फिल्म में अभिलेखों के वैज्ञानिक और सुव्यवस्थित प्रबंधन, एचआरएमएस (HRMS), सहयोग पोर्टल, ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ सामान्य प्रशासन विभाग एवं बिपार्ड, गया को प्राप्त आईएसओ प्रमाणन तथा हाल ही में बिपार्ड, पटना को मिले आईएसओ प्रमाणन जैसी उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया।
समारोह के दौरान उन वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अपने अनुभव साझा किए, जिन्होंने बी. राजेंद्र के साथ लंबे समय तक कार्य किया। अधिकारियों ने उनके अनुशासित व्यक्तित्व, समयपालन, प्रशासनिक दक्षता, त्वरित निर्णय क्षमता और समयबद्ध कार्य निष्पादन की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में सामान्य प्रशासन विभाग ने प्रशासनिक सुधारों और संस्थागत नवाचारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
अपने संबोधन में बी. राजेंद्र ने अधिकारियों से अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्टता के उच्च मानक स्थापित करने, आमजन के साथ सतत संवाद बनाए रखने और सरकारी कार्यों एवं फाइलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सुशासन की वास्तविक पहचान संवेदनशीलता, पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध कार्य संस्कृति में निहित है। उन्होंने अधिकारियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।
मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बी. राजेंद्र के लंबे प्रशासनिक अनुभव, प्रभावी नेतृत्व और राज्य प्रशासन में उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनकी कार्यशैली आने वाली पीढ़ियों के प्रशासनिक अधिकारियों के लिए प्रेरणा बनी रहेगी। उन्होंने उनके स्वस्थ, सुखद और सफल भविष्य की कामना की।
समारोह के समापन पर मुख्य सचिव ने बी. राजेंद्र को स्मृति-चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी। इस अवसर पर उनकी पत्नी जया भी उपस्थित रहीं। अपने संबोधन में बी. राजेंद्र ने अपनी प्रशासनिक यात्रा की सफलता का श्रेय अपनी पत्नी को देते हुए उन्हें अपने जीवन और सेवाकाल का सबसे बड़ा संबल बताया। कार्यक्रम का समापन बी. राजेंद्र के उज्ज्वल भविष्य तथा बिहार राज्य की निरंतर प्रगति की शुभकामनाओं के साथ हुआ।


Click it and Unblock the Notifications
