बिहार चुनाव: उत्सुकता में हुआ चौपट, नतीजों से पहले मोदी का विजयी भाषण लीक
पटना। चुनावी जंग से ज्यादा जुबानी जंग का रूप ले चुका बिहार विधानसभा चुनाव का मतदान समाप्त हो चुका है। अब 8 नवंबर को रिजल्ट आएगा कि बिहार की सत्ता पर किसका होगा कब्जा। बात अगर एग्जिट पोल की करें तो एनडीए और महागठबंधन में कांटे की लड़ाई है। एनडीए अपनी और महागठबंधन अपनी जीत को लेकर बेफ्रिक है।

ऐसे में दोनों गठबंधन सरकार बनाने की तैयारी में लग गये हैं। कहावत है कि उत्सुकता में अकसर कुछ गड़गड़ हो जाता है और हुआ भी ऐसा ही है। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और सीनियर बीजेपी लीडर सुशील कुमार मोदी ने विजयी भाषण तैयार कर लिया है और भाष के कुछ अंश लीक भी हो गये हैं।
भाषण के वो अंश हम आपको यहां पेश कर रहे हैं लेकिन उससे पहले यह साफ कर देना चाहते हैं कि ये अंश आधिकारिक नहीं हैं और ना ही वनइंडिया इसकी पुष्टि करता है। हम यहां वही लिख रहे हैं जो इंटरनेट पर वायरल हुआ है।
भाषण के अंश
मित्रों...! बिहार की जनता, चुनाव आयोग, मीडिया तथा चुनाव से जुड़े लोगों का मैं आभार व्यक्त करता हूं। मैं शुरू से कहता रहा था कि बीजेपी की जीत सुनिश्चित है। यह बदलाव का जनादेश है। इस बार की दिवाली
ऐतिहासिक है। हर बार लक्ष्मीपूजन से पहले नरक चतुर्दशी मनाई जाती है। जंगल-झाड़ और कूड़े-कबाड़ पर अंतिम झाड़ू लगाई जाती है। बिहार की जनता ने भी नरक चतुर्दशी मनाई है। जंगलराज और कूड़े-कबाड़ पर अंतिम झाड़ू लगा दी है। इस जनादेश ने गरीबी और कुशासन का सूपड़ा साफ कर दिया है।
यह सुशासन के लिए दिया गया जनादेश है। सरकार बदली है...अब बिहार भी बदलेगा...। उन्होंने लाख दुष्प्रचार किया, लेकिन बिहार की जनता ने उन्हें आईना दिखा दिया। अब पुराने दिन लद गए समझिए। अपहरण, दलितों, पिछड़ों, अति पिछड़ों पर अत्याचार खत्म होगा। समझिए अच्छे दिन आ गए...।
बिहार की जनता ने नीतीश कुमार को पीएम मोदीजी से नाता तोड़ने का सबक सिखाया है। आरक्षण के नाम पर संप्रदाय की राजनीति करने वालों की पोल खुली है। महागठबंधन ने बीजेपी को रोकने के लिए गोहत्या के नाम पर अपनी सियासत चमकाने की कोशिश की थी। लेकिन हम अब गोहत्या रोकने के लिए कड़ा कानून बनाएंगे, जिसमें एक लाख रुपये जुर्माना और 10 साल तक की कैद का प्रावधान होगा।
अब बिहार परिवर्तन के विकास पथ पर दौड़ेगा। यह किसी बीजेपी या एनडीए की नहीं, बिहार की जनता की जीत है। इस जीत के लिए बिहार की जागरूक जनता को बहुत-बहुत बधाई...कोटि-कोटि धन्यवाद।












Click it and Unblock the Notifications