बिहार में इको-टूरिज्म का बढ़ा आकर्षण, दो साल में 1.36 गुना बढ़ी पर्यटकों की संख्या
बिहार अपने इको-टूरिज्म का विस्तार ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों से परे प्राकृतिक सुंदरता, वन्यजीवों और साहसिक-आधारित केंद्रों तक कर रहा है। 2022-23 से 2024-25 तक आगंतुकों की संख्या में 35.7% की वृद्धि हुई है, जिसमें राजगीर नेचर सफारी और करम्हचत बांध प्रमुख स्थलों में से हैं। राज्य निजी निवेश और पीपीपी परियोजनाओं के माध्यम से और विकास की योजना बना रहा है।
बिहार में पर्यटन का दायरा अब ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों से आगे बढ़कर प्राकृतिक सौंदर्य, वन्यजीव और रोमांच से जुड़े इको-टूरिज्म केंद्रों तक तेजी से विस्तार कर रहा है। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा विकसित इको-टूरिज्म केंद्रों पर पर्यटकों की संख्या में पिछले दो वर्षों में करीब 35.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

वर्ष 2022-23 में बिहार के इको-टूरिज्म केंद्रों पर कुल 55,20,156 पर्यटक पहुंचे थे। वहीं 2024-25 में यह संख्या बढ़कर 74,90,847 हो गई। इस तरह दो वर्षों में पर्यटकों की संख्या करीब 1.36 गुना बढ़ी है।
बिहार में इको-टूरिज्म की बढ़ती लोकप्रियता का प्रमुख उदाहरण राजगीर नेचर सफारी है। वर्ष 2022-23 में यहां करीब 1.59 लाख पर्यटक पहुंचे थे, जबकि 2024-25 में यह संख्या बढ़कर करीब 3 लाख हो गई। यानी दो वर्षों में पर्यटकों की संख्या लगभग 1.89 गुना बढ़ी।
राजगीर की पहाड़ियों और हरियाली के बीच विकसित नेचर सफारी में प्रकृति और रोमांच का अनूठा संगम देखने को मिलता है। ग्लास स्काईवॉक, जिपलाइन, स्काई साइकिलिंग और सस्पेंशन ब्रिज जैसे आकर्षण पर्यटकों को खास तौर पर आकर्षित कर रहे हैं। इसके अलावा आर्चरी, राइफल शूटिंग, ट्रैंपोलिन और वॉल क्लाइंबिंग जैसी गतिविधियां इसे बच्चों, युवाओं और परिवारों के लिए भी पसंदीदा पर्यटन स्थल बना रही हैं।
करमचट डैम में तीन गुना से अधिक बढ़े पर्यटक
कैमूर का करमचट डैम भी इको-टूरिज्म के क्षेत्र में तेजी से उभरता केंद्र बन रहा है। वर्ष 2022-23 में यहां 46,163 पर्यटक पहुंचे थे। 2024-25 में यह संख्या बढ़कर 1,49,832 हो गई।
इस तरह दो वर्षों में करमचट डैम पहुंचने वाले पर्यटकों की संख्या 3.25 गुना से अधिक बढ़ी है। प्राकृतिक जलाशय, पहाड़ी परिदृश्य और हरियाली के बीच पर्यटन की संभावनाओं ने इस क्षेत्र को पर्यटकों के बीच लोकप्रिय बनाया है।
भीमबांध में 2.45 गुना बढ़ी पर्यटकों की संख्या
मुंगेर स्थित भीमबांध इको-टूरिज्म सेंटर में भी पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2022-23 में यहां 35,093 पर्यटक पहुंचे थे, जबकि 2024-25 में यह आंकड़ा बढ़कर 85,868 हो गया। इस तरह दो वर्षों में भीमबांध आने वाले पर्यटकों की संख्या करीब 2.45 गुना बढ़ी है।
मंदार हिल और नागी-नकटी भी बने आकर्षण के केंद्र
बांका स्थित मंदार हिल इको-टूरिज्म सेंटर में भी पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2022-23 में यहां करीब 80 हजार पर्यटक पहुंचे थे, जबकि 2024-25 में यह संख्या बढ़कर करीब 98 हजार हो गई।
वहीं, जमुई स्थित नागी-नकटी बर्ड सेंचुरी में वर्ष 2022-23 के 30,797 पर्यटकों की तुलना में 2024-25 में 48,068 पर्यटक पहुंचे। यहां पक्षियों की विविधता और प्राकृतिक वातावरण पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख कारण बन रहे हैं।
प्रकृति, रोमांच और संरक्षण का संगम
बिहार में इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने का उद्देश्य प्राकृतिक एवं वन्यजीव क्षेत्रों के संरक्षण के साथ पर्यटन गतिविधियों का विस्तार करना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना है।
वाल्मीकि टाइगर रिजर्व, भीमबांध, ककोलत जलप्रपात, कैमूर के वन क्षेत्र, गौतम बुद्ध वन्यजीव अभयारण्य, नागी-नकटी पक्षी आश्रयणी, पश्चिमी चंपारण का उदयपुर वन क्षेत्र और मंदार हिल जैसे स्थल राज्य के इको-टूरिज्म सर्किट को मजबूत कर रहे हैं।
निजी निवेश से विकसित होंगी 276 इको-टूरिज्म परियोजनाएं
इको-टूरिज्म के विकास में निजी निवेश को बढ़ावा देने के लिए पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने 13 जुलाई को ‘इकोटूरिज्म इन्वेस्टर्स मीट 2026’ का आयोजन किया था।
पीपीपी मॉडल के तहत डीबीएफओटी आधार पर इको-टूरिज्म परियोजनाओं को विकसित किया जाएगा। विभाग ने निजी निवेश के लिए कुल 276 परियोजनाओं की पहचान की है। इनमें 29 जलाशय आधारित परियोजनाएं और 247 तालाब, झील, आर्द्रभूमि एवं अन्य जल निकायों से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।
चयनित डेवलपर्स को संबंधित स्थल 30 वर्ष की लीज पर दिए जाएंगे। सरकार की ओर से समयबद्ध स्वीकृति, वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) और बिहार पर्यटन नीति के तहत विभिन्न प्रोत्साहन उपलब्ध कराने का प्रावधान है।
इको-टूरिज्म केंद्रों पर बढ़ती पर्यटकों की संख्या और प्रस्तावित नई परियोजनाओं से बिहार में प्रकृति आधारित पर्यटन को नई गति मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के विस्तार की भी उम्मीद है।


Click it and Unblock the Notifications
