'मोदी जी पीएम बन सकते हैं तो नीतीश जी क्यों नहीं?' 'चाचाजी' को तेजस्वी यादव का समर्थन
पटना, 11 अगस्त: बिहार में एक बार फिर से महागठबंधन की सरकार बन गई है। बीजेपी के साथ रिश्ता तोड़कर एक बार जेडीयू नेता नीतीश कुमार ने आरजेडी से गठजोड़ कर लिया है। ऐसे में बीजेपी का कहना है कि प्रधानमंत्री की दावेदारी के लिए नीतीश कुमार ने गठबंधन तोड़ा है। पूर्व डिप्टी सीएम और भाजपा नेता तारकिशोर प्रसाद ने गुरुवार को आरोप लगाया कि नीतीश कुमार के "प्रधानमंत्री बनने के सपने" ने लोगों के जनादेश को धोखा दिया है। इस बीच बिहार के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के एक दिन बाद आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने आने वाले 2024 में लोकसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री पद के लिए नीतीश कुमार के नाम को आगे बढ़ाया है।

'मोदी जी पीएम बन सकते हैं तो नीतीश जी क्यों नहीं?'
एनडीटीवी से बात करते हुए उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का 2024 में प्रधानमंत्री पद के लिए समर्थन किया है। उन्होंने अपने बयान में कहा, "उनके (नीतीश कुमार) पास तजुर्बा है। नीतीश जी के पास प्रशासनिक और सामाजिक अनुभव है। राज्यसभा को छोड़कर, वह सभी सदनों में रहे हैं। वे केंद्रीय मंत्री भी थे, बताओ... नरेंद्र मोदी जी पीएम बन सकते हैं तो नीतीश जी क्यों नहीं?"
'बीजेपी उन पर थोपने की कोशिश कर रही थी'
वहीं बीजेपी के साथ गठबंधन तोड़कर राजद के साथ सरकार बनाने के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि हम देख सकते रहे थे कि नीतीश जी बहुत चिंतित थे। भाजपा उन पर थोपने की कोशिश कर रही थी। उसके चेहरे में यह साफ देखा जा सकता था। साथ ही गठबंधन पर उन्होंने कहा यह पहले से पूर्व नियोजित कदम नहीं था। यह मौके पर था और अपने आप मन में था। आरजेडी की पूरी राजनीतिक घटनाक्रम पर नजर थी। यह गठबंधन बिहार के लिए वक्त की जरूरत है।
वहीं ईडी और सीबीआई को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि उनको केंद्रीय एजेंसियों से कोई डर नहीं है। अगर वो चाहे तो मेरे घर पर अपना ऑफिस बना सकते हैं।
सरकार गरीब और जनता की सरकार-तेजस्वी
उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि असली गठबंधन महा गठबंधन ही है। यही सरकार गरीब और जनता की सरकार है। हम समाजवादी लोग हैं, हमारा मैनिफेस्टो क्या था?.... पढ़ाई, दवाई, कमाई, सिंचाई, सुनवाई और कार्रवाई, यही था। हर बूथ पर, हर ब्लॉक पर लोग उत्साहित हैं। बीजेपी ने लोगों के चेहरों से मुस्कान छीन ली थी। आज यहां भारी संख्या में लोग अपना समर्थन जताने पहुंचे हैं। हम अपना काम शुरू करने के लिए केवल सरकार के उचित गठन की प्रतीक्षा कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications