'बिहार में मुद्दों की कमी हो, तो मुंबई से पार्सल करा लें', संजय राउत ने कसा तंज
शिवसेना सांसद संजय राउत ने बिहार चुनाव को लेकर तंज कसते हुए कहा कि अगर वहां मुद्दे खत्म हो गए हों तो मुंबई से पार्सल किए जा सकते हैं।
नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही सियासी दलों के बीच बयानबाजी शुरू हो गई है। शिवसेना सांसद संजय राउत ने शनिवार को बिहार चुनाव को लेकर तंज कसते हुए कहा कि अगर वहां मुद्दे खत्म हो गए हों तो मुंबई से पार्सल किए जा सकते हैं। दरअसल, बिहार के रहने वाले बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत को लेकर पिछले दिनों बिहार और महाराष्ट्र के नेताओं में काफी सियासी बयानबाजी हुई थी। इसके बाद कहा गया कि बिहार चुनाव में सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मुद्दे का इस्तेमाल करने के लिए इस मामले को उठाया जा रहा है।
Recommended Video

क्या बिहार चुनाव में उठेगा सुशांत का मुद्दा
शनिवार को संजय राउत ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, 'बिहार में विधानसभा का चुनाव विकास, कानून व्यवस्था और सुशासन के मुद्दों पर लड़ा जाना चाहिए, लेकिन अगर ये मुद्दे वहां खत्म हो गए हों, तो मुंबई से मुद्दों को पार्सल के तौर में भेजा जा सकता है।' आपको बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में पिछले दिनों मुंबई और बिहार पुलिस के अफसरों के बीच काफी खींचतान हुई थी। बिहार के तत्कालीन डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे ने आरोप लगाया था कि मुंबई पुलिस इस केस में उनका सहयोग नहीं कर रही। गुप्तेश्वर पांडे ने हाल ही में वीआरएस लिया है और माना जा रहा है कि वो जेडीयू के टिकट पर विधानसभा का चुनाव लड़ सकते हैं।

बिहार चुनाव में उतर सकती है शिवसेना
वहीं, संजय राउत ने इस बात के भी संकेत दिए कि शिवसेना बिहार विधानसभा चुनाव में अपने उम्मीदवार उतार सकती है। संजय राउत ने कहा, 'अगले 2-3 दिनों में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे आने वाले बिहार चुनावों में शिवसेना के उम्मीदवार खड़े करने को लेकर फैसला ले सकते हैं। बिहार में चुनाव जाति और दूसरे मुद्दों पर होता है। बिहार के चुनावों में श्रम कानून या कृषि विधेयक कोई मुद्दा नहीं होगा।'

10 नवंबर को घोषित होंगे बिहार चुनाव के नतीजे
गौरतलब है कि बिहार में चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। चुनाव आयोग के मुताबिक, बिहार में तीन चरणों के तहत मतदान होगा। पहले चरण के अंतर्गत 28 अक्टूबर, दूसरे चरण के अंतर्गत 3 नवंबर और तीसरे चरण के अंतर्गत 7 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। वोटों की गिनती 10 नवंबर को की जाएगी। कोरोना वायरस महामारी के बीच हो रहे बिहार चुनाव में इस बार वोटिंग का समय एक घंटा बढ़ाया गया है और शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके अलावा किसी भी पोलिंग बूथ पर मतदाओं की अधिकतम संख्या 1500 से घटाकर 1000 की गई है।












Click it and Unblock the Notifications