बिहार: दूसरे चरण के आधे से ज्यादा उम्मीदवार आपराधिक छवि वाले
पटना (मुकुन्द सिह)। मौजूदा राजनीति में दागियों का महत्व घटने के बजाय बढ़ता ही जा रहा है। इस बार भी विधानसभा चुनावों में दागी उम्मीदवारों ने लगभग सभी राजनीतिक दलों की ओर से ताल ठोंका है। चुनाव को पारदर्शी और अपराध मुक्त बनाने की दिशा में अहम पहल करने वाली स्वयं सेवी संस्था एडीआर ने रिपोर्ट जारी कर बताया है कि दूसरे चरण में कुल 456 उम्मीदवार भाग ले रहे हैं और इनमें से 142 दागी उम्मीदवार हैं।
इनमें से 110 उम्मीदवार ऐसे हैं जिनके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने, अपहरण और बलात्कार आदि के मामले लंबित हैं। उल्लेखनीय है कि दूसरे चरण के तहत जिन जिलों में चुनाव होने हैं उनमें अरवल, औरंगाबाद, गया, जहानाबाद, कैमूर और रोहतास शामिल हैं।
एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक चेनारी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे बसपा उम्मीदवार रमेंद्र राम के उपर हत्या के दो मामले लंबित हैं। वहीं 36 उम्मीदवार ऐसे हैं जिनपर हत्या के प्रयास का आरोप लंबित है।
वहीं महिलाओं के खिलाफ अत्याचार मामले में आरोपी उम्मीदवारों की संख्या छह है। जबकि उत्तेजक भाषण देकर सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगाड़ने के आरोपी राष्ट्रीय सेवा दल के प्रदीप कुमार जोशी डेहरी से प्रत्याशी हैं। एडीआर के मुताबिक ही चार उम्मीदवार ऐसे हैं जिन पर डकैती और छिनतई के आरोप लंबित हैं।
जबकि पांच उम्मीदवारों के खिलाफ अपहरण के मामले लंबित हैं।पार्टीवार दागियों के हिसाब से भाजपा के 69 फीसदी उम्मीदवार दागी हैं। वहीं सीपीआई के 31 फीसदी, बसपा के 47 फीसदी, जदयू के 69 फीसदी, सपा के 32 फीसदी, राजद के 69 फीसदी, कांग्रेस के 67 फीसदी, और अन्य दलों में भाकपा माले के 47 फीसदी उम्मीदवार दागी हैं।
106 उम्मीदवार करोड़पति
साथ ही दूसरे चरण में कुल 106 उम्मीदवार करोड़पति हैं। इनमें सबसे अधिक 77 फीसदी करोड़पति उम्मीदवार जदयू के हैं। जबकि 56 फीसदी भाजपाई उम्मीदवार करोड़पति की श्रेणी में हैं। वहीं राजद के 62 फीसदी और कांग्रेस के 50 फीसदी उम्मीदवार करोड़पति हैं। सबसे अधिक अमीर उम्मीदवारों में औरंगाबाद से बसपा के उम्मीदवार कौशल सिंह हैं। इनके पास 45 करोड़ 83 लाख 28 हजार 96 रुपए की संपत्ति है। जबकि दूसरे स्थान पर औरंगाबाद से ही भाजपा के उम्मीदवार गोपाल नारायण सिंह हैं, जिनके पास 42 करोड़ 70 लाख 15 हजार 864 रुपए की संपत्ति है।













Click it and Unblock the Notifications