बिहार विधानसभा चुनाव: नीतीश पर चिराग का तगड़ा प्रहार, मैंने अकेले लड़ने का फैसला किया लेकिन......
नई दिल्ली- बिहार में अंतिम दौर के चुनाव के ठीक पहले लोक जनशक्ति पार्टी के नेता चिराग पासवान ने बिना नाम लिए जदयू सुप्रीमो और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तगड़ा सियासी प्रहार किया है। चिराग पासवान ने कहा है कि सारी चुनौतियों के बावजूद वो चुनाव में अकेले गए, लेकिन कुछ लोगों को 15 साल सत्ता में रहने के बावजूद तीन साथियों के सहयोग की जरूरत पड़ गई। गौरतलब है कि पूरे चुनाव अभियान के दौरान चिराग ने नीतीश कुमार पर निशाना साधने का कोई भी मौका नहीं छोड़ा है; और अब अंतिम चरण से पहले उनपर फिर से जोरदार हमले की कोशिश की है।

चिराग पासवान ने शुक्रवार को नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए ट्विटर पर लिखा है, "इतने मुश्किल वक्त में भी मेरा हौसला नहीं टूटा। बिहार पर नाज़ करने के लिए अकेले चुनाव लड़ने का फ़ैसला लेना हुआ तो मैं घबराया नहीं। यहाँ कुछ लोग ऐसे भी हैं जिन्हें 15 साल सत्ता में रहने बाद भी 3 साथियों का सहारा लेना पड़ता है। आप सभी के आशीर्वाद से बिहार जीतेगा और नया युवा बिहार बनेगा"

इससे पहले एक और ट्वीट में चिराग ने लिखा है, "पिछले 30 साल में बदनाम से बदहाल बिहार होने के कारण बिहार सरकार के अंतर्गत सभी अधिकारियों का परिवार पटना या दिल्ली में रहता है और वह खुद पूरी ज़िंदगी अलग-अलग ज़िलों में परिवार के बिना बिताते हैं। यह कैसी ज़िंदगी आप जीने के लिए बेबस हैं। यही समय बिहार को और बर्बाद होने से बचाने का।" माना जा रहा है कि चिराग इस दौर में बिहार के अधिकारी वर्ग पर भी डोरे डालने की कोशिश कर रहे हैं।
बता दें कि शनिवार को तीसरे चरण में बिहार की 78 सीटों पर वोटिंग होनी है, जिसमें जदयू की अगुवाई वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन और राजद की अगुवाई वाले महागठबंधन के बीच कड़ी लड़ाई है। इसके अलावा लोजपा समेत कई और पार्टियां चुनाव को बहुकोणीय बना रही हैं। नीतीश कुमार के लिए चौथी बार चुनाव जीतना एंटी इन्कंबेंसी फैक्टर के चलते बहुत ही संघर्षपूर्ण हो चुका है। इस दौर में तिरहुत, मिथिलांचल और सीमांचल के नेपाल से सटे बिहार के इलाकों में मतदान होना है। वोटों की गिनती 10 नवंबर को करवाई जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications