कोरोना काल में इस राज्य के लोगों को बड़ी राहत, आधा देना होगा बिजली का बिल
भोपाल। कोरोना वायरस प्रकोप के चलते भारत में 25 मार्च, 2020 से लॉकडाउन लागू है, हलांकि पांचवें चरण में कुछ ढील दी गई है लेकिन अभी भी कई लोग घरों में रह रहे हैं। गर्मी और लॉकडाउन के दौरान घर से काम करने के चलते मध्य प्रदेश के लोग बिजली का बिल बढ़ने से परेशान हैं, ऐसे में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें बड़ी राहत दी है। सीएम शिवराज ने सोमवार को ऐलान किया है कि राज्य में लोगों को बिजली का आधा बिल जमा करना होगा बाकि का खर्च सरकार वहन करेगी।

आधा देना होगा बिजली का बिल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा, घर पर रहने से लोगों के बिजली के बिल बड़े-बड़े आए हैं। जिनका अप्रैल महीने में 100 रुपए आया है उनसे मई, जून, जुलाई में 50 रुपए बिल लिया जाए। इससे 56 लाख उपभोक्ताओं को 255 करोड़ का लाभ होगा जो हम सरकारी खजाने से बिजली विभाग को देंगे। सीएम ने आगे कहा, 100-400 रुपए बिजली बिल वालों को सिर्फ 100 और 400 से अधिक बिल वालों को केवल आधा बिल देना होगा। इससे उपभोक्ताओं को 183 करोड़ रुपए का फायदा होगा जिसका वहन सरकार करेगी।
100-400रु. बिजली बिल वालों को सिर्फ 100 और 400 से अधिक बिल वालों को केवल आधा बिल देना होगा। इससे उपभोक्ताओं को 183करोड़ रु. का फायदा होगा जिसका वहन सरकार करेगी: म.प्र. के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान https://t.co/g6BA8yJfOm
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 22, 2020
इन तीन महीनों के लिए मिली छूट
बता दें कि सरकार ने यह फैसला सिर्फ मई, जून, जुलाई के बिजली बिल भुगतान पर लिया है। इसके बाद बिजली उपभोग्ताओं को सामान्य दर पर ही बिजली बिल का भुगतान करना होगा। इसके अलावा इन तीन महीने के दौरान प्रदेश के व्यावसायिक एवं औद्योगिक उपभोक्ताओं के बिलों में फिक्स चार्ज की राहत दी गई है। अपने ऐलान में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा, जिन उपभोक्ताओं को नियत प्रभार को डेफर किया गया है वह 6 समान किस्तों में अक्टूबर 2020 से मार्च 2020 तक भुगतान करना होगा।

राज्य की जनता मेरी भगवान: शिवराज
सीएम ने उपभोग्ताओं के सवालों का जवाब देने के लिए कॉल सेंटर की सुविधा भी शुरू की है। उन्होंने कहा, अगर किसी व्यक्ति को परेशानी होती है तो वह इन कॉल सेंटर पर फोन कर के मदद प्राप्त कर सकता है। आपकी समस्या का समाधान निकाला जाएगा। सीएम शिवराज सिंह ने कहा, मैं हमेशा से कहता आया हूं कि मैंने मध्य प्रदेश को अपना मंदिर माना है और यहां की जनता मेरी भगवान है, मैं उसी जनता का पुजारी हूं।
यह भी पढ़ें: कोरोना संकट के बीच एक और आफत! धरती की ओर बढ़ रहा स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी से 3 गुना बड़ा उल्कापिंड












Click it and Unblock the Notifications