बड़ी खबर: तेलंगाना के एक ही स्कूल में कोरोना पॉजिटिव हुईं 28 छात्राएं
देश में कम हो रहे कोरोना वायरस के मामलों के बीच तेलंगाना के एक ही स्कूल में 28 छात्राएं कोरोना पॉजिटिव मिली हैं।
खम्मम, 22 नवंबर: देश के लगभग सभी राज्यों में कम हो रहे कोरोना वायरस के मामलों के बीच तेलंगाना से एक बुरी खबर आई है। तेलंगाना के खम्मम जिले में एक सरकारी स्कूल के अंदर 28 छात्राएं कोरोना वायरस से संक्रमित मिली हैं। रविवार को जैसे ही इस खबर का पता चला, सभी माता-पिता स्कूल पहुंचे और प्रिंसिपल से उनके बच्चों को घर भेजने की मांग की। वहीं, इस घटना के बाद राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने फैसला किया है कि स्कूल के सभी बच्चों, स्टाफ और सभी शिक्षकों का कोरोना वायरस टेस्ट किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, फिलहाल इस स्कूल में 575 बच्चे हैं।
Recommended Video

मामला सामने आने के बाद तेलंगाना के स्वास्थ्य मंत्री टी हरीश राव ने जिले के स्वास्थ्य अधिकारियों से फोन पर बात की और कोरोना वायरस से संक्रमित छात्राओं की स्थिति के बारे में जानकारी मांगी। स्वास्थ्य मंत्री टी हरीश राव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पॉजिटिव छात्राओं को अच्छे से अच्छा इलाज दिया जाए। इसके साथ ही स्वास्थ्य मंत्री ने इलाके में कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के लिए कहा है। आपको बता दें कि रविवार को पूरे तेलंगाना में 24 घंटों के भीतर कोरोना वायरस के 103 नए केस रिकॉर्ड किए गए थे।
कोरोना के मामले पहली बार 10 हजार से नीचे
गौरतलब है कि सोमवार को देश में कोरोना वायरस के मामलों में एक बड़ी गिरावट देखी गई, जब दूसरी लहर में पहली बार संक्रमण के केस 10 हजार से नीचे रिकॉर्ड किए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस के 8488 नए मरीज मिले हैं, जबकि 12510 मरीज ठीक होकर अपने घर लौटे हैं। इसके अलावा बीते एक दिन में कोरोना वायरस की वजह से 249 लोगों की जान गई है। कोरोना वायरस के मरीजों के ठीक होने की रफ्तार घटने से देश में एक्टिव मामले भी कम हुए हैं और बीते 534 दिनों में ये आंकड़ा सबसे कम 1,18,443 पर पहुंच गया है।












Click it and Unblock the Notifications