अयोध्या में राम मंदिर पर विहिप का बड़ा ऐलान, कहा- 18 अक्टूबर 2018 से निर्माण होगा शुरू
नई दिल्ली। विश्व हिन्दू परिषद ने ऐलान किया है कि अगले साल अक्टूबर से राम मंदिर का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। यह ऐलान विहिप के अतंरराष्ट्रीय संयुक्त सचिव सुरेंद्र कुमार जैन ने किया। अंग्रेजी समाचार चैनल CNN NEWS 18 से जैन ने कहा कि 18 अक्टूबर 2018 से मंदिर का निर्माण शुरू होगा। बता दें कि विहिप की ओर से यह बयान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवन के बयान के बाद आया है। भागवत ने कर्नाटक के उडूपी में आयोजित धर्म संसद में कहा था कि अयोध्या में राम मंदिर ही बनेगा, उन्हीं पत्थरों से बनेगा, उन्हीं की अगवानी में बनेगा, जो इसका झंडा उठाकर पिछले 20-25 वर्षों से चल रहे हैं। भागवत ने इस दौरान कहा था कि राम मंदिर के ऊपर एक भगवा झंडा बहुत जल्दी ही लहराएगा। राम जन्मभूमि स्थल पर कोई दूसरा ढांचा नहीं बनाया जा सकता। आपको बता दें कि बाबरी मस्जिद-राम मंदिर मामले पर हाल ही में आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रविशंकर ने दोनों पक्षों से बात कर मामले को सुलझाने की बात कही थी और कुछ बैठकें भी की थीं।

हाल ही में शिया वक्फ बोर्ड ने अयोध्या में बाबरी मस्जिद ना बनाकर राम मंदिर बनाने का प्रस्ताव पेश किया है। बोर्ड ने सुझाव दिया है कि इस मस्जिद का नाम किसी शासक पर रखे जाने की बजाय इसे मस्जिद-ए-अमन नाम दिया जाए।
हालांकि शिया वक्फ बोर्ड मामले में पक्षकार नहीं है और बाबरी मस्जिद ऐक्शन कमिटी के संयोजक जफरयाब जिलानी ने कहा है कि शिया बोर्ड के दावे का कोई मतलब ही नहीं है। सुप्रीम कोर्ट में 5 दिसंबर से अयोध्या मामले पर सुनवाई होने जा रही है, इससे पहले मोहन भागवत का ये बड़ा बयान आया है।












Click it and Unblock the Notifications