भूपेश बघेल के घर ED ने का छापा, भारी मात्रा में कैश बरामद! पूर्व CM ने भाजपा पर लगाया 'प्रतिशोध' का आरोप
Bhupesh Baghel: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर पर सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापा मारा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह कार्रवाई राज्य में शराब घोटाले से जुड़े मामले में की गई। ईडी ने इस दौरान उनके बेटे चैतन्य बघेल से जुड़े कई दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए।
मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो ईडी अधिकारियों ने भारी मात्रा में नकदी मिलने का दावा किया और उसकी गिनती के लिए कैश गिनने की मशीनें भी मंगवाईं। जांच एजेंसी ने राज्य में 14 अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी की, जिनमें दुर्ग जिले में स्थित बघेल परिवार के निवास भी शामिल हैं।

चैतन्य बघेल से हो सकती है पूछताछ
सूत्रों के अनुसार, ईडी चैतन्य बघेल को जल्द ही पूछताछ के लिए बुला सकती है। संभावना जताई जा रही है कि पूछताछ का पहला चरण जल्द ही शुरू होगा। ईडी ने उन्हें 2,161 करोड़ रुपये के कथित शराब घोटाले में एक प्रमुख व्यक्ति बताया है।
कैसे हुआ शराब घोटाला?
ईडी ने इस मामले में जुलाई 2023 में एक शिकायत दर्ज की थी, जिसमें रायपुर के मेयर एजाज ढेबर के भाई अनवर ढेबर, पूर्व आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा और छत्तीसगढ़ राज्य विपणन निगम लिमिटेड (CSMCL) के प्रबंध निदेशक अरुणपति त्रिपाठी जैसे नाम शामिल थे। आरोप है कि इन लोगों ने शराब की खरीद प्रक्रिया में गड़बड़ी कर राज्य के खजाने को 2,161 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया। अब तक की जांच में ईडी ने कई व्यापारियों और नौकरशाहों की लगभग 205.49 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की हैं।
भूपेश बघेल का बीजेपी पर पलटवार
छापेमारी के बाद भूपेश बघेल ने इसे 'राजनीतिक प्रतिशोध' बताया। उन्होंने कहा, "ईडी के पास इस मामले का कोई ठोस आधार नहीं है। जब हमने उनसे दस्तावेज मांगे, तो उनके पास कोई जवाब नहीं था। इससे पहले भी मुझ पर झूठे आरोप लगाए गए थे, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने मुझे निर्दोष बताया। इस बार भी ऐसा ही होगा।" उन्होंने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह कार्रवाई विपक्ष को दबाने की कोशिश है।
समर्थकों का विरोध प्रदर्शन
छापेमारी के दौरान बघेल के समर्थक बड़ी संख्या में उनके घर के बाहर जमा हो गए और नारेबाजी करने लगे। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।ईडी की इस कार्रवाई से छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है। अब देखना होगा कि जांच में आगे क्या खुलासे होते हैं और इस मामले में कौन-कौन आरोपी बनता है।












Click it and Unblock the Notifications