MP News: सीएम डॉ. मोहन यादव ने किया तिरंगा यात्रा का शुभारंभ, बोले- आजीवन देश की सेवा का लें संकल्प
भोपाल में, बारिश से प्रभावित तिरंगा यात्रा ने मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं को आकर्षित किया, जिसमें राष्ट्रीय सेवा और हर घर तिरंगा पहल पर जोर दिया गया। इस कार्यक्रम ने देशभक्ति की भावना को गांधी-युग के संघर्षों और वर्तमान राष्ट्रीय कर्तव्यों से जोड़ा, सभी नागरिकों से देश की सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को नवीनीकृत करने का आह्वान किया।
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में शनिवार सुबह देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। टीटी नगर स्टेडियम से सैकड़ों युवाओं ने तिरंगा यात्रा निकाली। बारिश के बावजूद युवाओं का जोश कम नहीं हुआ और उन्होंने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्र सर्वोपरि का संदेश दिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया और युवाओं से आजीवन देश की सेवा करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच से तिरंगा लहराकर यात्रा की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में देशभक्ति की अलख जगाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में देशभर में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री निवास पर तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का भी शुभारंभ किया।
तिरंगा यात्रा के दौरान बारिश होती रही, लेकिन युवाओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। बड़ी संख्या में युवा देशभक्ति के नारों और हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश के सभी राज्यों में देशभक्त नागरिक एकजुट होकर तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं। उन्होंने कहा, "आज इंद्र देवता भी सारे देशभक्तों और वीरों का स्वागत कर रहे हैं। भारत माता की जय।"
आजादी लंबे संघर्ष और बलिदान का परिणाम
तिरंगा यात्रा के शुभारंभ से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों और क्रांतिकारियों को याद किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के नेतृत्व में अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत हुई थी। इस आंदोलन ने अंग्रेजी शासन की नींव हिला दी थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी के लिए क्रांतिकारियों के बलिदान, संघर्ष और अहिंसक आंदोलनों से जो जनज्वार पैदा हुआ, उसके परिणामस्वरूप अंग्रेजों को भारत छोड़ना पड़ा। लंबे संघर्ष और बलिदान के बाद देश को स्वतंत्रता मिली।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आजादी के 80वें वर्ष की ओर बढ़ रहा है और इस अवसर पर हमें स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को हमेशा याद रखना चाहिए।
शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को करें याद
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी नागरिकों को देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को स्मरण करना चाहिए। उनके योगदान के कारण ही देश को स्वतंत्रता प्राप्त हुई।
उन्होंने कहा कि हमें समाज के हर वर्ग और देश के प्रत्येक नागरिक के साथ मिलकर आजादी का पर्व मनाना चाहिए और अपने उत्तरदायित्व का पालन करना चाहिए। साथ ही, ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ के मार्ग पर चलते हुए भारत को चिर युवा और चिर स्वतंत्र बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए।
आजीवन देश सेवा का लें संकल्प
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि देशभर में तिरंगा यात्रा के माध्यम से युवाओं, बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को एकजुट होकर राष्ट्र सेवा का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति जिम्मेदारी और समर्पण की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस अभियान के जरिए देशभर के नागरिक आजीवन देश की सेवा करने और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लेंगे।


Click it and Unblock the Notifications
