'जो प्यार इनसे मिला है, वही देश से बांट रहा हूं...', राहुल ने शेयर की सोनिया गांधी के संग तस्वीर
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा दिल्ली में है। वहां पर सोनिया गांधी ने अपने बेटे से मुलाकात की। जिसकी तस्वीरें वायरल हो रही हैं।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' जारी है। ये यात्रा राजस्थान से होकर शनिवार सुबह दिल्ली पहुंची। इस दौरान सोनिया गांधी खुद अपने बेटे के स्वागत के लिए पहुंचीं। राहुल ने भी अपनी मां को गले लगाया और इसकी खूबसूरत तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की। सोनिया गांधी ने राहुल की यात्रा में उनका साथ दिया और कुछ दूर तक पैदल चलीं।
राहुल गांधी ने मां सोनिया गांधी के साथ ट्विटर पर एक तस्वीर शेयर की है। इसके साथ उन्होंने लिखा- जो मोहब्बत इनसे मिली है, वही देश से बांट रहा हूं। वहीं दूसरी ओर सोनिया भी बेटे से मिलकर काफी खुश नजर आईं। उनके चेहरे पर मुस्कान थी और वो राहुल का हालचाल लेती रहीं। इसके बाद वो यात्रा में उनके साथ कुछ दूर तक चलीं। सोशल मीडिया पर भी लोग इस तस्वीर को काफी पसंद कर रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से भी दोनों की काफी सारी फोटोज शेयर की गई हैं। इसके साथ ही पार्टी ने लिखा- 'देश जोड़ने निकले बेटे से मां की मुलाकात हुई, तो तस्वीरें यूं बनी, #BharatJodoYatra पहुंची, दिल्ली और शिरकत करने पहुंची CPP चेयरपर्सन श्रीमती सोनिया गांधी'।
निजामुद्दीन दरगाह में चढ़ाई चादर
भारत जोड़ो यात्रा को लेकर दिल्ली में भी काफी ज्यादा उत्साह देखने को मिल रहा है। मां से मिलने के बाद राहुल गांधी हजरत निजामुद्दीन औलिया की दरगाह पहुंचे और वहां पर चादर चढ़ाई। इसके बाद उन्होंने कई मुस्लिम महिलाओं से मुलाकात की। दिल्ली पुलिस ने भी इस यात्रा को लेकर पहले से ही तैयारियां कर ली थीं, जिस वजह से दो दर्जन जगहों पर डायवर्जन किया गया है।
9 दिन का रहेगा ब्रेक
कांग्रेस नेताओं के मुताबिक यात्रा पर शनिवार से 9 दिन का ब्रेक रहेगा। इसके बाद 3 जनवरी को ये यात्रा फिर से शुरू होगी। पहले राहुल यूपी के तीन जिलों को कवर करेंगे। इसके बाद हरियाणा होते हुए ये पंजाब और जम्मू-कश्मीर जाएगी। श्रीनगर में ही ये यात्रा खत्म होगी।












Click it and Unblock the Notifications