Bharat Jodo Yatra: राहुल गांधी जल्द शुरू करेंगे भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा चरण, यहां से कर सकते हैं शुरुआत
Rahul Gandhi Bharat Jodo Yatra second phase: कांग्रेस नेता राहुल गांधी जल्द ही भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा चरण शुरू कर सकते हैं। कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी उनसे यह यात्रा शुरू करने को कहा है।
कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC meeting) की बैठक के बाद पार्टी सांसद केसी वेणुगोपाल ने दावा किया है कि देश का मूड अब भाजपा के खिलाफ हो चुका है। इसके साथ ही उन्होंने सीडब्ल्यूसी में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दूसरे चरण को लेकर हुई चर्चा की भी जानकारी दी है।

देश का मूड बीजेपी के खिलाफ है- कांग्रेस
कांग्रेस महासचिव ने कहा है, 'देश का मूड बीजेपी के खिलाफ है.....हमें पूरा भरोसा है कि कांग्रेस और इंडिया अलायंस तानाशाही और शासन के खिलाफ लड़ने जा रहा है...... '
पूर्व से पश्चिम की ओर दूसरी यात्रा निकालने की मांग-कांग्रेस
इसके साथ ही उन्होंने पार्टी के पूर्व अध्यक्ष की भारत जोड़ो यात्रा के दूसरे चरण को लेकर सीडब्ल्यूसी में हुई चर्चा की भी जानकारी साझा की है।
वेणुगोपाल ने कहा, 'सीडब्ल्यूसी की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष ने शुरू में राहुल गांधी को बताया कि उन्हें पूरे भारत भर से पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से बड़े पैमाने पर यह राय प्राप्त हो रही है कि राहुल गांधी को पूर्व से पश्चिम की ओर दूसरी यात्रा निकालनी चाहिए...... '
सीडब्ल्यूसी ने सर्वसम्मति से राहुल गांधी से किया आग्रह-वेणुगोपाल
कांग्रेस नेता के मुताबिक, 'इसके बाद सीडब्ल्यूसी के सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से राहुल गांधी से आग्रह किया है कि वह यात्रा निकालें। यात्रा की डिटेल और यात्रा का फैसला बिना किसी देरी के लिया जाएगा।'
126 दिनों की हुई थी पहली भारत जोड़ो यात्रा
कांग्रेस ने भारत यात्रा का पहला चरण दक्षिण भारत में तमिलनाडु के कन्याकुमारी से पिछले साल 7 सितंबर को शुरू किया था और यह इस साल 30 जनवरी को श्रीनगर में जाकर समाप्त हुई थी।126 दिनों की यह यात्रा देश के 75 जिलों से होकर गुजरी थी और 4,080 किलोमीटर की दूरी तय की गई थी।
इस यात्रा के बीच में और बाद में हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक चुनावों में कांग्रेस को जीत मिली थी, जिसे पार्टी समर्थकों ने राहुल गांधी के करिश्मे से जोड़ा था। लेकिन, हालिया विधानसभा चुनावों में हिंदी भाषी राज्यों में कांग्रेस को बीजेपी के हाथों मिली करारी हार के बाद फिर से इस यात्रा की मांग तेज हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications