Bharat Jodo Nyay Yatra: समय से 4 दिन पहले ही खत्म हो जाएगी राहुल गांधी की यात्रा, क्या है वजह?
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' अभी मध्य प्रदेश में चल रही है। इस बीच खबर आ रही है कि 16 मार्च को महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में ये यात्रा समाप्त हो जाएगी। ये यात्रा समय से 4 दिन पहले ही खत्म हो रही है।
लोकसभा चुनाव को देखते हुए 17 मार्च को विपक्षी दलों का इंडी गठबंधन मुंबई में रैली करने वाला है। इसमें इंडी गठबंधन के तमाम नेता शामिल हो रहे हैं। इसमें राहुल गांधी के भी शामिल होने की उम्मीद है।

समय से पहले क्यों खत्म हो रही यात्रा?
भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत 14 जनवरी, 2024 को पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर से हुई थी। शेड्यूल के मुताबिक इस यात्रा के समाप्त होने की तारीख 20 मार्च को थी लेकिन अब ये यात्रा तय समय से 4 दिन पहले ही खत्म हो जाएगी। इस तरह कांग्रेस की ये यात्रा 66 दिनों की जगह 62 दिन चलेगी।
भारत जोड़ो न्याय यात्रा अपने तय समय से चार दिन पहले ही खत्म हो रही है। ऐसा माना जा रहा है कि इसके पीछे की वजह लोकसभा चुनाव की तैयारी हो सकती है। दरअसल इस यात्रा में कांग्रेस के कई दिग्गज नेता शामिल हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं। उनके साथ कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश भी इस यात्रा में शामिल रहे हैं। इसके अलावा पार्टी के कई दिग्गज नेता इसका हिस्सा हैं। आगामी लोकसभा चुनाव में इस यात्रा से कोई फर्क नहीं पड़े इसलिए इस यात्रा को समय से पहले खत्म किया जा रहा है।
चुनाव की तैयारियों के चलते पार्टी यात्रा को पहले समाप्त कर रही है। राहुल यात्रा के खत्म होने के बाद सहयोगी दलों के नेताओं के साथ सीट शेयरिंग पर बातचीत कर सकते हैं। पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र में सीटों को लेकर सहमति नहीं बन पाई है। अब राहुल इस मामले को संभाल सकते हैं।
वर्तमान में राहुल गांधी की यात्रा मध्य प्रदेश से गुजर रही है। राहुल की न्याय यात्रा मध्य प्रदेश के बाद राजस्थान के रास्ते गुजरात पहुंचने वाली है। यहां से यात्रा महाराष्ट्र में दाखिल होगी और फिर मालेगांव, नासिक, थाणे होते हुए मुंबई में समाप्त हो जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications