Bharat Jodo Nyay Yatra: राहुल की यात्रा में नहीं शामिल हुईं बहन प्रियंका, क्यों लग रही हैं मतभेद की अटकलें?
Priyanka Gandhi's absence from Bharat Jodo Nyay Yatra: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का मंगलवार को तीसरा दिन हो चुका है। वह मणिपुर से यात्रा शुरू करके नगालैंड में घूम रहे हैं, लेकिन उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा की गैर-मौजूदगी सियासी जगत को खटक रही है।
मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि प्रियंका गांधी लोकसभा चुनाव से ठीक पहले शुरू की गई पार्टी के इस मेगा अभियान को छोड़कर विदेश यात्रा पर चली गई हैं। यही वजह है कि विरोधियों को भी कांग्रेस की फर्स्ट फैमिली के दोनों भाई-बहनों के बीच मतभेद दिखाई पड़ रहा है।

चार्टर्ड विमान वाले वायरल वीडियो में भी नहीं थीं प्रियंका
दरअसल, मणिपुर से 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के पहले दिन सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें राहुल समेत कांग्रेस के तमाम युवा और बुजुर्ग नेता एक चार्टर्ड विमान में बैठे नजर आ रहे थे। ये कांग्रेसी राहुल की यात्रा की लॉन्चिंग के लिए दिल्ली से आइजोल जा रहे थे।
लेकिन, उस विमान में प्रियंका गांधी वाड्रा मौजूद नहीं थीं। मणिपुर में यात्रा की लॉन्चिंग के दौरान खुद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी वहां पहुंचे हुए थे। लेकिन, प्रियंका वहां भी नहीं थीं।
पहले थी राहुल-प्रियंका की एकसाथ यात्रा करने की संभावना
जबकि, पिछले साल 25 दिसंबर को टीओआई में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार इस बार मणिपुर से मुंबई तक निकलने वाली भारत जोड़ो यात्रा में नवीनता यही रह सकती है कि इसमें दोनों भाई-बहन साथ-साथ सफर करते नजर आ सकते हैं।
इस रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया था कि प्रस्ताव यही है कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा इस बार साथ-साथ चलते नजर आएं। कांग्रेस के एक प्रमुख नेता ने तब कहा था, 'भाई के साथ बहन पूरी यात्रा के दौरान मौजूद रहें इसपर चर्चा की गई है। लेकिन, अंतिम फैसला लिया जाना है।'
'हैं तैयार हम' रैली में भी नहीं दिखी थीं
पहली 'भारत जोड़ो यात्रा' में प्रियंका बीच-बीच में शामिल हुई थीं और उनकी मां सोनिया गांधी भी नजर आईं थीं। लेकिन, इस बार प्रियंका और राहुल गांधी के बीच कथित मतभेद की अटकलों को इसलिए हवा मिल रही है, क्योंकि वो 28 दिसंबर को कांग्रेस की स्थापना दिवस पर नागपुर में आयोजित 'हैं तैयार हम' रैली में भी नहीं दिखी थीं।
बीजेपी ने किया दावा- राहुल-प्रियंका में मतभेद
इस बार 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के पहले दिन ही बीजेपी के आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने एक्स पर पोस्ट लिखकर दोनों भाई-बहनों के बीच सबकुछ सही नहीं होने का दावा किया था।
अमित मालवीय ने लिखा, 'राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा के बीच सबकुछ ठीक नहीं है। उनके मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं। कांग्रेस के सबसे सामान्य लोग भी मणिपुर में चेहरा दिखाने पहुंच गए, लेकिन वो इस कार्यक्रम से गायब रहीं। इससे पहले उनसे सारी जिम्मेदारियां ली जा चुकी हैं, जबकि वह महासचिव बनी रह गईं।'

लोकसभा चुनाव से पहले यूपी के प्रभार से मुक्त हुईं
असल में जब लोकसभा चुनावों की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है, तब प्रियंका को उत्तर प्रदेश के प्रभारी पद के दायित्व से मुक्त कर दिया गया है। वह अभी बिना किसी पोर्टफोलियो वाली राष्ट्रीय महासचिव रह गई हैं।
भारत जोड़ो न्याय यात्रा के पक्ष में नहीं थीं प्रियंका?
वहीं, रिपब्लिक वर्ल्ड डॉट कॉम की एक रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने भी इस यात्रा से प्रियंका की दूरी पर सवाल उठाए हैं। इसने पार्टी सूत्रों के हवाले से बताया है कि प्रियंका शायद इस तरह की यात्रा के पक्ष में नहीं थीं, क्योंकि इससे पार्टी को बीते चुनावों में कोई खास फायदा नहीं मिला है।
यही नहीं, इस रिपोर्ट में यह भी संभावना जताई गई है कि जिस तरह से प्रियंका को उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारियों से अलग किया गया, उससे लगता है कि राहुल गांधी को आने वाले लोकसभा चुनावों के लिए पार्टी के एक ऐसे चेहरे के रूप में पेश किया जाए, जिसपर उनकी बहन की परछाई हावी न रहे।












Click it and Unblock the Notifications