भगत सिंह कोश्यारी ने राहुल गांधी का पुराना किस्सा किया याद, जब टोपी के काले रंग को लेकर किया था सवाल
नई दिल्ली, 29 अगस्त। महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को लेकर दिलचस्प जानकारी साझा की है। एक कार्यक्रम के दौरान कोश्यारी ने कहा कि जब मैं भाजपा का सांसद था तो उस वक्त राहुल गांधी ने मुझसे पूछा था कि आप ये काली टोपी क्यों पहनते हैं। मैंने उन्हें बताया कि मैं उत्तराखंड से हूं इसलिए यह काली टोपी पहनता हूं। लेकिन उन्होंने कहा कि नहीं, नहीं आप आरएसएस से हैं। हालांकि मैंने उन्हें इसका जवाब देते हुए कहा कि मैं आरएसएस से हूं लेकिन यह टोपी उत्तराखंड से हैं। जब आरएसएस पैदा भी नहीं हुआ था तबसे उत्तराखंड के लोग इस काली टोपी को पहन रहे हैं।

लेकिन कुछ महीने बाद राहुल गांधी ने मुझसे फिर से पूछा कि आप ये काली टोपी क्यों पहनते हैं। मैंने उनसे पूछा कि क्या आपने आरएसएस के बारे में पढ़ा है। उन्होंने कहा कि हां, हां मैंने सावरकर को पढ़ा है। दरअसल भगत सिंह कोश्यारी शनिवार को दिल्ली के कॉस्टीट्यूशन क्लब में अपनी किताब भारतीय संसद में भगत सिंह कोश्यारी का विमोचन कर रहे थे इस दौरान केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, अश्विनी चौब और भाजपा नेता श्याम जाजू भी मौजूद थे।
Recommended Video
कोश्यारी ने कहा कि जैसे लाल कपड़ा देखकर सांड़ प्रतिक्रिया देता है वैसे ही बहुत से लोग काली टोपी देखकर प्रतिक्रिया देते हैं। राहुल गांधी के सवाल पर कोश्यारी ने कहा कि सावरकर हिंदुत्व के विचारक थे लेकिन वह कभी भी आरएसएस में नहीं रहे और इसी से राहुल गांधी की जानकारी का पता चलता है। कोश्यारी ने कहा कि पीयूष गोयल जी जब राहुल गांधी जैसे लोग विपक्ष का नेतृत्व करेंगे तो इस तरह के हंगामे के लिए तैयार रहना होगा। हालांकि कोश्यारी ने कांग्रेस नेता जयराम रमेश की तारीफ करते हुए कहा कि वह कांग्रेस के बेहतर नेता हैं।
एक वाकये का जिक्र करते हुए कोश्यारी ने कहा कि जब जयराम रमेश पर्यावरण मंत्री थे तो संसदीय चर्चा के दौरान जयराम रमेश ने मुझ बोलने के लिए समय देने को कहा था। उस वक्त जब अध्यक्ष ने अनुरोध को स्वीकार नहीं किया तो जयराम रमेश मेरे पास आए और बोले अगले दिन इस बहस का जवाब दूंगा।












Click it and Unblock the Notifications