बेंगलुरु भगदड़ कांड पर बड़ा अपडेट, अब CM सिद्धारमैया के खिलाफ शिकायत, 10 प्वाइंट में समझें अब तक क्या-क्या हुआ
Bengaluru stampede Row Update: बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 4 जून 2025 को हुई भगदड़ में 11 लोगों की जान जाने के मामले को लेकर अब कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के खिलाफ औपचारिक शिकायत की गई है। ये शिकायत कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत से शनिवार 7 जून को गई है। शिकायत में सीएम सिद्धारमैया और उनकी सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया गया है। शिकायत में डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार की भी आलोचना की गई है और कहा गया है कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) टीम को एयरपोर्ट पर रिसीव करना अनावश्यक और दिखावटी था।
विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य में कांग्रेस नेतृत्व पर अपना हमला तेज कर दिया है। इन्होंने सीएम से इस्तीफे की मांग की है। RCB के IPL 2025 जीतने पर चिन्नास्वामी स्टेडियम में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जहां सभी RCB खिलाड़ी सीएम सिद्धारमैया, डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार समेत तमाम बड़े लोग मौजूद थे। यहां 2 से 3 लाख लोगों की भीड़ जुटी थी...जिसमें भगदड़ मची और 11 लोगों की मौत हो गई और 56 अन्य घायल हो गए थे। आइए जानें बेंगलुरु भगदड़ मामले पर अब तक क्या-क्या हुआ? 10 बड़े अपडेट

🔴 1. CM सिद्धारमैया के खिलाफ शिकायत
कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत के पास सीएम सिद्धारमैया के खिलाफ शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता गिरीश कुमार, जो कि बेंगलुरु के कोटिगेपल्या इलाके के निवासी हैं, ने आरोप लगाया कि सीएम सिद्धारमैया ने खुद लोगों को RCB की जीत के जश्न में शामिल होने का न्योता दिया, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए। इसके चलते भारी भीड़ उमड़ी और भगदड़ जैसी दर्दनाक घटना हो गई।
शिकायत में यह भी सवाल उठाया गया है कि एक निजी क्रिकेट टीम (RCB) के लिए सरकार ने इतने बड़े स्तर पर स्वागत समारोह क्यों आयोजित किया, जबकि IPL एक व्यावसायिक टूर्नामेंट है, देश या राज्य का प्रतिनिधित्व नहीं करता। IPL में खिलाड़ी पैसों के लिए खेलते हैं, न कि देश या राज्य के लिए। गिरीश कुमार ने सरकार पर नागरिकों की सुरक्षा में विफल रहने का आरोप लगाते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। हालांकि पहले सामाजिक कार्यकर्ता स्नेहमयी कृष्णा ने भी सिद्धारमैया और शिवकुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
🔴 2. बेंगलुरु पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई
भगदड़ मामले में बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त बी दयानंद और चार अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है और 2 अन्य का ट्रांसफर किया गया है। अब IPS अधिकारी सीमंत कुमार ने बेंगलुरु सिटी पुलिस कमिश्नर का पदभार संभाला है।
🔴 3. CM के राजनीतिक सचिव की छुट्टी
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के राजनीतिक सचिव के रूप में के गोविंदराज की नियुक्ति भी तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई। चना विभाग के प्रमुख हेमंत निंबालकर का ट्रांसफर कर दिया गया है।
🔴 4. RCB के मार्केटिंग हेड और इवेंट कंपनी के अधिकारियों की गिरफ्तारी
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के मार्केटिंग और रेवेन्यू हेड निखिल सोसले की गिरफ्तारी की गई। इवेंट मैनेजमेंट कंपनी डीएनए एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के तीन सदस्यों किरण, सुमंथ और सुनील मैथ्यू को गिरफ्तार किया है। कोर्ट ने सभी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है।
🔴 5. विराट कोहली के खिलाफ शिकायत
इस मामले में क्रिकेटर विराट कोहली के खिलाफ कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है। सोशल एक्टिविस्ट एच.एम. वेंकटेश ने शिकायत दर्ज कराई है।
🔴 6. मुआवजा राशि में बढ़ोतरी
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मृतकों के परिजनों को दी जाने वाली मुआवजा राशि को ₹10 लाख से बढ़ाकर ₹25 लाख कर दिया है। RCB की टीम ने भी अपनी ओर से मुआवजे का ऐलान किया है।
🔴 7. KSCA के वरिष्ठ पदाधिकारियों का इस्तीफा
कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) के सचिव ए शंकर और कोषाध्यक्ष ई एस जयराम ने इस्तीफा दे दिया। इनके खिलाफ भी FIR दर्ज है। हालांकि इन्होंने इसको रद्द करने की मांग की है। कर्नाटक हाई कोर्ट ने KSCA के अधिकारियों को 16 जून को अगली सुनवाई तक गिरफ्तारी से राहत दी है।
🔴 8. CID जांच के आदेश
सरकार ने चिन्नास्वामी स्टेडियम भगदड़ मामले की CID जांच के आदेश दिए हैं। CID अधिकारियों ने KSCA के कार्यालय का दौरा किया और जरूरी दस्तावेजों की जांच की है।
🔴 9. न्यायिक जांच आयोग का गठन
सरकार ने न्यायाधीश जॉन माइकल कुन्हा की अध्यक्षता में एक सदस्यीय जांच आयोग का गठन किया है, जो पूरे मामले की जांच करेगा।
🔴 10. किन-किन लोगों के खिलाफ FIR?
अब तक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), इवेंट मैनेजमेंट कंपनी DNA एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड और कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।












Click it and Unblock the Notifications