बेंगलुरू: 20 छात्रों के सामने प्रिंसिपल की पीट-पीटकर हत्या
नई दिल्ली। बेंगलुरू के एक प्राइवेट स्कूल के प्रिंसिपल की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 20 छात्रों के सामने स्कूल प्रिंसिपल की 6 लोगों ने मिलकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि रविवार को जिस दौरान प्रिंसिपल इन छात्रों की स्पेशल क्लास ले रहे थे, उसी दौरान इन 6 लोगों ने प्रिंसिपल की छात्रों के सामने पीट-पीटकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार प्रिंसिपल का नाम रंगनाथ था जो हवनपुर पब्लिक स्कूल में प्रिंसिपल थे। यह स्कूल बेंगलुरू के अग्रहर दासरहल्ली इलाके में है।

पुलिस के अनुसार प्रिंसिपल 10वीं के बच्चों को पढ़ा रहे थे, तभी क्लास में 6 बदमाश घुसे और प्रिंसिपल की पिटाई शुरू कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कार से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने गैंग के एक सदस्य को बेंगलुरू के महालक्ष्मी लेआउट इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। जिस वक्त पुलिस ने इस आरोपी को पकड़ने की कोशिश की तो उसने पुलिस पर हमला कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के पैर में गोली मार दी, जिसकी वजह से जख्मी हो गया। आरोपी को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस को इस बात का शक है कि इस हत्या के पीछे जमीन का विवाद है। घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इसकी जांच कर रही है, साथ ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है।
इसे भी पढ़ें- आज नहीं बढ़ी पेट्रोल की कीमत, डीजल 9 पैसे महंगा हुआ












Click it and Unblock the Notifications