बाइक पर आगे गर्लफ्रेंड को बैठाने वाले 'आशिक' को पुलिस ने खोज निकाला, 50 कैमरों की मदद से ऐसे पकड़ा
Bengaluru News: आज के दौर में प्यार में पगलाए युवा अपनी जान जोखिम में डालने से भी बाज नहीं आ रहे हैं। आलम यह हो गया कि प्रेमिका को इंप्रेस करने के चक्कर में ट्रैफिक नियमों तक की धज्जियां उड़ा रहे हैं। ऐसे ही एक आशिक को बेंगलुरु पुलिस ने खोज निकाला है।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रही थी, जिसमें एक युवक बाइक के आगे पेट्रोल टैंक पर बैठाकर अपनी गर्लफ्रेंड को रोमांटिक राइड कराता हुआ नजर आया। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने एक्शन लेते हुए 21 साल के युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

बेंगलुरु के एक फ्लाईओवर पर लड़की को बाइक पर आगे बैठाकर खतरनाक तरीके से बाइक चलाने वाले शख्स को पुलिस ने दबोचा लिया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों लोगों का पता लगाया।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि लड़की बाइकर की गोद में एक तरफ बैठी हुई दिखाई दे रही है और उसने अपने हाथ उसकी गर्दन के चारों ओर लपेटे हुए हैं। बताया जा रहा है कि यह घटना उत्तरी बेंगलुरु के हेब्बाल फ्लाईओवर पर हुई।
21 साल के युवक की पहचान
जिसके बाद बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस ने बाइक की नंबर प्लेट और सीसीटीवी फुटेज का इस्तेमाल करके दोनों का पता लगाया। बाइकर की पहचान एमवी लेआउट, शामपुरा, बेंगलुरु निवासी 21 वर्षीय सिलंबरसेन के रूप में हुई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शामपुरा का रहने वाला सिलंबरेसन अपनी मंगेतर के साथ एयरपोर्ट रोड पर रोमांटिक राइड कर रहा था। उसकी मंगेतर एयरपोर्ट रोड पर एक कॉफी शॉप में अटेंडेंट के रूप में काम करती हैं और दोनों की हाल ही में सगाई हुई है।
50 से ज्यादा CCTV कैमरों की जांच
राहगीरों ने इसे देखा और इसे अपने मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड किया और शहर पुलिस के सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड कर दिया। इस पर ध्यान देते हुए येलहंका ट्रैफिक पुलिस ने आरोपी की पहचान करने के लिए 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
बेंगलुरु के डीसीपी ट्रैफिक नॉर्थ ने बताया कि हमने अपराधी का पता लगा लिया है। हम उसके द्वारा पहले किए गए उल्लंघनों की लिस्ट का पता लगाएंगे। वहीं ट्रैफिक पुलिस ने बाइक जब्त कर ली है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कई धाराओं में केस दर्ज
पुलिस ने उन पर मानव जीवन को खतरे में डालने वाली, लापरवाही से गाड़ी चलाने और हेलमेट न पहनने और नियमों का पालन ना करने सहित मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी का ड्राइविंग लाइसेंस जब्त कर लिया और आगे की जांच के लिए उसकी बाइक जब्त कर ली है।












Click it and Unblock the Notifications