'न नौकरी है और न ही घर, प्लीज', 14 साल के बैंकिंग अनुभव वाला बेंगलुरु का शख्स फुटपाथ पर बिता रहा जिंदगी
Bengaluru Man Viral News: बेंगलुरु में एक सड़क किनारे बैठे व्यक्ति की कहानी सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रही है, जिसने नेटिज़न्स के बीच गहरी बहस छेड़ दी है। यह मामला एक Reddit पोस्ट के माध्यम से सामने आया, जिसमें एक व्यक्ति फुटपाथ पर बैठा हुआ दिख रहा है और उसके हाथ में एक नोट है जिसमें लिखा है कि उसके पास न नौकरी है और न ही घर।
यह पोस्ट @Being-Brilliant नाम के एक Reddit यूजर ने शेयर की, जिसमें बेंगलुरु के एक व्यस्त चौराहे पर बैठे व्यक्ति की दो तस्वीरें थीं। तस्वीर में वह व्यक्ति एक बैकपैक के साथ बैठा है और मदद की गुहार लगाता दिख रहा है। दूसरी में उसके हाथ में पकड़े नोट को करीब से दिखाया गया था।

नोट पर अंग्रेजी और कन्नड़ दोनों भाषाओं में संदेश लिखा था। अंग्रेजी भाग में लिखा था, "मेरे पास नौकरी नहीं है, घर नहीं है, कृपया मेरी मदद करें। मुझे बैंकिंग में 14 साल का कार्य अनुभव है।" इसके अलावा, उसने एक छोटा क्यूआर कोड वाला पेपर भी दिखाया, जो संभवतः डिजिटल भुगतान या योगदान के लिए था।
"इस हालत में देखना दिल दहला देने वाला है"
इस पोस्ट के कैप्शन में @Being-Brilliant ने लिखा, "मैं बेंगलुरु के एक प्रमुख चौराहे पर इस व्यक्ति से मिला। उसे इस हालत में देखना दिल दहला देने वाला है, लेकिन मैं यह सोचता रहता हूँ कि क्या यह समाज की विफलता है या व्यक्तिगत पसंद का नतीजा?" इस पोस्ट ने तुरंत लोगों का ध्यान खींचा और मिला-जुला रिएक्शन मिला।
यूजर्स कर क्या कर रहे कमेंट?
इस शख्स की स्टोरी पर लोगों ने अलग-अलग राय व्यक्त की। एक यूजर ने कमेंट किया कि, "लोग उसकी मदद कर सकते हैं और उसके अनुभव के आधार पर उसे नौकरी भी मिल सकती है।" वहीं, एक अन्य यूजर ने कहा, "एक युवा व्यक्ति के लिए इस तरह भीख मांगने का कोई बहाना नहीं है, खासकर बेंगलुरु जैसे शहर में जहां काम करने के इच्छुक लोगों के लिए बहुत सारी नौकरियां हैं।"
यूजर बोला- लंबे समय तक बेरोजगार रहते हैं जो...
एक अलग यूजर ने लिखा, "ज्यादातर लोग कह रहे हैं कि यदि वह शारीरिक रूप से सक्षम है, तो उसे डिलीवरी या ड्राइविंग जैसा कोई काम करना चाहिए। लेकिन सच्चाई यह है कि यदि आप लंबे समय तक बेरोजगार रहते हैं, तो मानसिक रूप से टूटकर अवसादग्रस्त होने की संभावना होती है। यह भी एक बाधा पैदा करता है।"
कहानी जाने बिना उसे जज करना अनुचित है
एक यूजर ने लिखा, "एक आदमी के जीवन का तब तक सम्मान नहीं होता जब तक वह कमाता नहीं है। उसकी कहानी जाने बिना उसे जज करना अनुचित लगता है।" एक और व्यक्ति ने उसकी परिस्थितियों पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए पूछा, "क्या उसने अपने सर्टिफिकेट खो दिए या वे नष्ट हो गए? जो भी हो, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। लेकिन अगर यह सिर्फ काम करने की उसकी अनिच्छा है, तो यह एक व्यक्तिगत मुद्दा बन जाता है।"












Click it and Unblock the Notifications