दिल्ली-मुंबई में हालात थोड़े सुधरे, अब ये शहर बन रहे कोरोना के हॉटस्पॉट
नई दिल्ली: भारत में कोरोना मरीजों की संख्या 10 लाख के पार पहुंच गई है। इस बीच दिल्ली, यूपी जैसे राज्यों की स्थिति में थोड़ा सुधार आया है, तो वहीं तेलंगाना, कर्नाटक और महाराष्ट्र के बड़े शहर हॉटस्पॉट के रूप में उभर रहे हैं। जिसमें बेंगलुरु, हैदराबाद और पुणे शामिल है। वहीं दूसरी ओर मुंबई, दिल्ली, चेन्नई और अहमदाबाद में कोरोना की रफ्तार कम हुई है। कुछ शहरों की मृत्युदर में भी बढ़ोतरी देखी गई है।

मृत्युदर के मामले में अहमदाबाद ऊपर
एक रिपोर्ट के मुताबिक जिस शहर में मामलों में सबसे ज्यादा वृद्धि देखी गई है, वो बेंगलुरु है। वहां पर पिछले चार हफ्तों में मामलों में औसतन 12.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इस अवधि में 8.9 प्रतिशत की दर से रोजाना मृत्युदर भी बढ़ी है। अभी तक मृत्युदर के मामले में अहमदाबाद सबसे ऊपर है, फिर मुंबई और कोलकाता आते हैं। वहीं चेन्नई में उसकी जनसंख्या के हिसाब से 8595 प्रति लाख मामलों के साथ सबसे ज्यादा केस डेंसिटी है। इसके बाद लिस्ट में मुंबई, पुणे और दिल्ली है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में एक लाख आबादी पर 345 केस हुए, जोकि भारत में सबसे ज्यादा हैं।
Recommended Video

कोरोना के निशाने पर नए शहर
पिछले चार हफ्तों के आंकड़ों पर नजर डाले तो पता चलता है कि कोरोना का प्रकोप अब नए शहरी केंद्रों की ओर बढ़ रहा है। जैसे- मुंबई में औसत रोजाना के मामले कम हो रहे, लेकिन पुणे में बढ़ रहे हैं। इसी तरह का हाल गुजरात में भी है। जहां अहमदाबाद में मामले राष्ट्रीय औसत के मुकाबले बहुत कम दर से बढ़ रहे हैं, लेकिन सूरत में तेजी से मामले बढ़ रहे हैं। वहीं दक्षिण भारत के शहरों की बात करें तो चेन्नई में कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम हुई है, जबकि हैदराबाद और बेंगलुरु में तेजी आई है।

क्या है देश का हाल?
भारत में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 10 लाख के पार हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश में कोरोना मरीजों की संख्या शुक्रवार को 10,38,716 पहुंच गई है। भारत में अब कोरोना के एक्टिव केस 3,58,692 हो गए हैं, जबकि 26,273 लोगों की मौत इस खतरनाक वायरस की चपेट में आने से हो गई है। वायरस से ठीक होने वालों की संख्या 6,53,751 है। बीते 24 घंटों में सर्वाधिक 34,884 नए मामले सामने आए हैं और 671 मरीजों की मौत हुई है।












Click it and Unblock the Notifications