ड्रग्स केस: CCB ने एक्ट्रेस रागिनी द्विवेदी को कोर्ट में किया पेश, मिली 5 दिन की रिमांड
नई दिल्ली: ड्रग्स केस में गिरफ्तार कन्नड़ अभिनेत्री रागिनी द्विवेदी को पुलिस ने सोमवार को बेंगलुरु कोर्ट में पेश किया। इस दौरान केंद्रीय अपराध शाखा (CCB) के अनुरोध पर कोर्ट ने पांच दिनों की रिमांड मंजूर कर दी। इससे पहले 4 सितंबर को रागिनी की ओर से अग्रिम जमानत की याचिका दायर की गई थी। उसी दिन पुलिस की टीम ने रागिनी को गिरफ्तार कर लिया, इस वजह से उनके वकील ने याचिका वापस ले ली थी।

बेंगलुरु के अतिरिक्त आयुक्त संदीप पाटिल के मुताबिक इस मामले में नियाज नाम के शख्स की गिरफ्तारी हुई है। नियाज वैसे तो मूलरूप से केरल का है, लेकिन पांच सालों से बेंगलुरु में रह रहा था। CCB के मुताबिक उन्होंने इस केस में 12 लोगों को आरोपी बनाया था, जिसमें से 6 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। इनके नाम रागिनी द्विवेदी, नियाज, रविशंकर, राहुल, वीरेन खन्ना हैं। वहीं छठा आरोपी अफ्रीकी पेडलर है, जो ड्राग्स सप्लाई करता था।
बेंगलुरु पुलिस ने ड्रग मामले के एक आरोपी प्रशांत रांका को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अरेस्ट वारंट हासिल करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। प्रशांत रांका ने कथित तौर पर ड्रग्स की खरीद की और इसे कई निजी पार्टियों में पहुंचाया, जो बेंगलुरु के बाहरी इलाके में हुईं। बाकी आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगी हुई है।
कैसे खुली सबकी पोल?
दरअसल 21 अगस्त को NCB अधिकारियों ने बेंगलुरु में तीन जगहों पर छापेमारी की थी। इस दौरान कल्याण नगर स्थित ड्रग पैडलर के एक अड्डे पर 145 एमडी की गोलियां और 2.25 लाख कैश मिला था, जबकि निकू होम्स में हुई दूसरी छापेमारी में 96 गोलियां और 180 एलएसडी ब्लॉट्स जब्त की गई। NCB की टीम ने इस दौरान एक अन्य जगह से एमडीएमए की 270 गोलियां बरामद की थीं। इस पूरे छापेमारी के दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। अनिका डी को इस मामले का मुख्य आरोपी माना जा रहा है। इसी छापेमारी के बाद ही कई म्यूजिशियन्स, एक्टर्स, मॉडल्स और टीवी एक्टर्स के नाम ड्रग्स मामले में सामने आए।












Click it and Unblock the Notifications